विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोंडा में बिजली बिल बकायेदारों पर शिकंजा करने की तैयारी, नौ दिन चलेगा विशेष अभियान

Published: Sat, 24 Oct 2026 05:00 PM (IST)

गोंडा में बिजली विभाग 23 से 31 अक्टूबर तक देवीपाटन मंडल में विशेष राजस्व वसूली अभियान चला रहा है। इस ...और पढ़ें

बिजली बिल बकायेदारों पर विभाग कसेगा शिकंजा।

बिजली बिल बकायेदारों पर विभाग कसेगा शिकंजा।

HighLights

  1. देवीपाटन मंडल में 23 से 31 अक्टूबर तक विशेष वसूली अभियान।

  2. चार जिलों में 11 लाख से अधिक बिजली बकायेदार चिह्नित।

  3. बकाया न चुकाने पर बिजली कनेक्शन काटने की सख्त कार्रवाई।

जागरण संवाददाता, गोंडा। बिजली बिल के बकायेदारों पर अब विभाग शिकंजा कसने जा रहा है। देवीपाटन मंडल के चार जिलों गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती में 23 से 31 अक्टूबर तक विशेष राजस्व वसूली एवं शिकायत निवारण अभियान चलाया जा रहा है।

मुख्य अभियंता बिजली यदुनाथ यथार्थ ने नेवर पेड (कभी भी बिल न जमा करने वाले) और अधिक समय से बिल की अदायगी ने वाले उपभोक्ताओं से बकाया वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

मंडल में 4.60 लाख नेवर पेड और 6.46 लाख अधिक समय से बिल न जमा करने वाले उपभोक्ता हैं। इनसे संपर्क करने के लिए टीमें घर-घर दस्तक देने के साथ फोन कॉलिंग भी कर रहीं हैं। बकाया जमा नहीं करने वालों को नोटिस देकर नियमानुसार बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य अभियंता ने कहा कि अभियान के पहले दिन 2127 उपभोक्ताओं की शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया। इनमें गोंडा के 812, बलरामपुर के 615, बहराइच के 423 और श्रावस्ती के 277 मामले शामिल हैं। वहीं, जांच अभियान के दौरान 2477 उपभोक्ताओं को नोटिस दिए गए।

अभियान को प्रभावी बनाने के लिए 31 अक्टूबर तक रविवार समेत सभी अवकाश निरस्त कर दिए गए हैं। विशेष परिस्थिति में मुख्य अभियंता की अनुमति से ही छुट्टी मिलेगी। अधीक्षण अभियंता संजय गुप्ता और अधिशासी अभियंता राम मूरत समेत अन्य अधिकारियों को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

यह भी पढ़ें- देवरिया में बाढ़ से चौपट हुई किसानों की मेहनत, लागत निकालना भी मुश्किल