गोंडा के लकी हॉस्पिटल में प्रसव के बाद नवजात की मौत, परिवारीजन ने लगाया लापरवाही का आरोप
गोंडा के लकी हॉस्पिटल में प्रसव के बाद एक नवजात की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल पर उपचार में ...और पढ़ें

HighLights
लकी हॉस्पिटल में प्रसव के बाद नवजात की मौत हुई।
परिजनों ने अस्पताल पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया।
पुलिस और स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
संवाद सूत्र, बभनान (गोंडा)। खोड़ारे थाना के गिन्नी नगर बाजार स्थित लकी हास्पिटल में प्रसव के बाद नवजात की मौत हो गई। परिवारीजन ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाकर विरोध जताया। पुलिस व स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू की है।
कूकनगर ग्रांट निवासी भाईराम ने बताया कि उनकी बेटी अनीता यादव को मंगलवार सुबह प्रसव पीड़ा होने पर परिवारीजन लकी हास्पिटल लेकर पहुंचे थे। भर्ती करने के बाद चिकित्सक ने प्रसूता के शरीर में खून और पानी की कमी बताई। साथ ही करीब दो से ढाई घंटे में प्रसव होने की बात कही। उन्होंने कई बार अस्पताल कर्मियों से प्रसूता को दूसरे अस्पताल रेफर करने के लिए कहा, जिससे किसी तरह की जटिलता होने पर बेहतर उपचार मिल सके।
बस्ती के अस्पताल पहुंचाया
अस्पताल कर्मियों ने यहीं प्रसव कराने का भरोसा दिलाया। दोपहर करीब पौने चार बजे प्रसव हुआ। इसके बाद अस्पताल की ओर से नवजात को दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए कहा गया। स्वजन के अनुसार, नवजात में कोई हरकत नहीं हो रही थी। उसे बस्ती के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
प्रसूता के ससुर रमन यादव ने अस्पताल की लापरवाही को नवजात की मौत का कारण बताया। वहीं अस्पताल संचालक शशि कुमार तिवारी ने आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि नवजात को रेफर किया गया था और उनके अस्पताल में मौत नहीं हुई।
यह भी पढ़ें- मोबाइल की लत से बच्चों को बचाएगा के लिए नया नियम होगा लागू, बेसिक शिक्षा विभाग ने तैयार किया मास्टर प्लान
प्रभारी निरीक्षक ज्ञान सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। सीएचसी अधीक्षक बभनजोत डा. अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
