114 साल पुराने अंग्रेजों के जमाने के जर्जर पुल से मिलेगी निजात, गोंडा में जल्द शुरू होगा नए 3 लेन पुल का निर्माण
गोंडा के इटियाथोक बाजार में बिसुही नदी पर अंग्रेजों के जमाने के जर्जर पुल की जगह 16 करोड़ रुपये की ...और पढ़ें

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
बिसुही नदी पर 16 करोड़ से बनेगा नया तीन लेन पुल।
अंग्रेजी हुकूमत के जर्जर पुल की जगह लेगा यह आधुनिक सेतु।
गोंडा व आसपास के 5 लाख यात्रियों को मिलेगी आवागमन में सुविधा।
संवाद सूत्र, गोंडा। बलरामपुर मार्ग स्थित इटियाथोक बाजार में बिसुही नदी पर अंग्रेजी हुकूमत में बने सबसे पुराने जर्जर व संकरे पुल से निजात मिलने की आस जगी है। इस साल मार्च में 16 करोड़ रुपये से तीन लेन सेतु निर्माण को स्वीकृति दी थी।
इसके बाद निविदा प्रक्रिया चल रही थी,जो अब पूर्ण हो गई है। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग(एनएच) खंड अयोध्या ने निर्माण की तैयारी शुरू कर दी है। पुल बन जाने से गोंडा ही नहीं बलरामपुर, श्रावस्ती व सिद्धार्थनगर के पांच लाख यात्रियों की राह आसान हो जाएगी।

1912 में यह सिंगल लेन पुल बना था,जो पूरी तरह से जर्जर है। 2018 में जब गोंडा-बलरामपुर मार्ग टू लेन बना तो इसे राजमार्ग का दर्जा मिला, तभी से पुल चौड़ा बनाने की मांग ने जोर पकड़ लिया। पुराना सिंगल लेन मार्ग चौड़ा होने के बाद यह संकरा भी पड़ रहा है, जिससे जाम की स्थिति बनी रहती है।
पुल से होता है 50 हजार लोगों का आवागमन
पुल के संकरा व जर्जर होने के चलते एक ही तरफ के वाहन निकल पा रहे थे। इसकी जगह नया पुल बनाने की कवायद पिछले पांच साल से चल रही थी लेकिन स्वीकृति नहीं मिल पा रही थी। इस पुल से प्रतिदिन करीब 15 हजार वाहन व 50 हजार लोगों का आवागमन है।
यह भी पढ़ें- गोंडा में दौड़ लगाने घर से निकले कक्षा 8 के छात्र को सांड ने पटक-पटककर मार डाला, परिवार में मचा कोहराम
इसी वर्ष फरवरी में पुल बनवाने की मांग को लेकर राष्ट्रीय छात्र पंचायत ने पखवारे भर आंदोलन किया था। मेहनौन विधायक विनय द्विवेदी ने भी पुल निर्माण की मांग उठाई। इसके बाद सड़क परिवहन मंत्रालय ने 16 करोड़ से पुल बनाने को स्वीकृति दे दी। यह तीन लेन का रहेगा,जिसमें फुटपाथ अलग से रहेगा। निविदा की प्रक्रिया चल रही थी,जो अब पूर्ण हो गई है।
पुल निर्माण के लिए निविदा की प्रक्रिया पूरी हो गई है। 15 अक्टूबर के बाद इसका निर्माण शुरू हो जाएगा। इस पुल के बनने से गोंडा, बलरामपुर,बस्ती व सिद्धार्थनगर जिले के करीब पांच लाख राहगीरों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
एसके मिश्र, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग खंड अयोध्या
