विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोंडा में दौड़ लगाने घर से निकले कक्षा 8 के छात्र को सांड ने पटक-पटककर मार डाला, परिवार में मचा कोहराम

Published: Sun, 04 Oct 2026 08:16 AM (IST)

गोंडा में सुबह दौड़ने निकले कक्षा 8 के छात्र अरुण कुमार को एक सांड़ ने पटककर मार डाला। इस घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

HighLights

  1. सुबह दौड़ने निकले कक्षा 8 के छात्र पर सांड़ का हमला।

  2. सांड़ के पटकने से छात्र अरुण कुमार की मौके पर मौत।

  3. जिले में सांड़ के हमलों से लगातार हो रही मौतों पर आक्रोश।

संवाद सूत्र, गोंडा। दौड़ लगाने के लिए सुबह घर से निकले छात्र को रास्ते में सांड़ ने पटककर मार डाला। मृतक के गांव के ही स्कूल में कक्षा आठ का छात्र था। घटना से लोगों में आक्रोश है।

मनकापुर के ग्राम अंबरपुर खेसरी निवासी अरुण कुमार रामराज एसकेजिट पब्लिक स्कूल सोनबरसा बक्सरा आज्ञाराम में कक्षा आठ का छात्र था। पिता नेब्बूलाल के मुताबिक अरुण प्रतिदिन सुबह दौड़ लगाने के लिए जाता था।

शनिवार काे सुबह करीब 5.30 बजे वह दौड़ने के लिए घर से निकला था। ग्राम पंचायत भिटौरा के मजरे बकरहिया के पास रास्ते में खड़े सांड़ ने अरुण पर हमला कर दिया।

सांड़ ने अरुण को उठाकर पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक टीपी सिंह ने कहा कि सांड़ के हमले में छात्र की मौत हो गई है। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। मृतक की मां गुड़िया का रो-रोकर हाल बेहाल है। सांड़ के पकड़े न जाने से ग्रामीणोंं में रोष है।

सांड़ के हमले में पहले भी जा चुकी है जान

सितंबर के पहले सप्ताह में धानेपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत पृथ्वीपालगंज ग्रिंट के मजरा महतवडीह निवासी किसान राम सूरत खुले में शौच के लिए गए थे। तभी सांड़ ने उनपर हमला कर दिया।

इलाज के दौरान किसान की मौत हो गई थी। अप्रैल 2026 में कुतुबपुर गांव में घर के पास खेल रहे 10 वर्षीय बच्चे अमन यादव को सांड़ ने पटककर मार डाला था।

मार्च 2026 में कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम पंचायत कमला जोत में शौच के दौरान बुजुर्ग पारस चौहान की भी सांड़ के हमले से जान चली गई थी। इसके अलावा सांड़ व बेसहारा गाय के सड़कों पर घूमने के कारण छह माह में 15 से अधिक लोग टकराकर चोटिल हो चुके हैं।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर से गोंडा और छपरा तक ट्रेनों का नियंत्रण, एक क्लिक से तैयार होगा रूट