गोंडा में बड़ा भू-माफिया फर्जीवाड़ा, मृत महिला को कागजों में जिंदा दिखा हड़पी एक एकड़ जमीन
गोंडा के तरबगंज में एक मृत महिला की जमीन को कागजों में जिंदा दिखाकर फर्जी तरीके से बेच दिया गया। ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
मृत महिला प्रेमलता की जमीन का फर्जी बैनामा।
जालसाजों ने दूसरी महिला को प्रेमलता बताकर पेश किया।
एक एकड़ जमीन का अवैध रूप से हस्तांतरण।
संवाद सूत्र, तरबगंज (गोंडा)। छह वर्ष पहले मृत महिला को कागजों में जिंदा दिखाकर करीब एक एकड़ जमीन का बैनामा कराने का मामला सामने आया है। कोतवाली देहात के रामनगर तरहर निवासी अनंतराम ने कहा कि उनकी मां प्रेमलता के नाम तरबगंज के विशुनपुर गांव में तीन गाटों में करीब एक एकड़ भूमि दर्ज थी।
यह जमीन उनके नाना रिबई से वरासत में मिली थी। प्रेमलता की मृत्यु 15 अप्रैल 2019 को हो गई। इसका मृत्यु प्रमाणपत्र भी बना है। मां की मौत के बाद वह वरासत दर्ज कराने के लिए तहसील के चक्कर लगाते रहे, लेकिन बेटों के नाम जमीन दर्ज नहीं हुई। जुलाई 2026 में जालसाजों ने दूसरी महिला को प्रेमलता के रूप में पेश कर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमीन का बैनामा करा लिया। इसके बाद राजस्व अभिलेखों में भी नाम दर्ज करा लिया गया।
शिकायत में जाति संबंधी दस्तावेजों में हेरफेर कर आरक्षित वर्ग की भूमि का बैनामा कराने का आरोप भी लगाया गया है। जमीन गोंडा-सिंगहाचंदा चौराहा मार्ग पर स्थित है। कोतवाली प्रभारी श्रीधर पाठक ने बताया कि जांच उप निरीक्षक जितेंद्र पांडेय को सौंपी गई है। सीओ डा. उमेश्वर प्रभात सिंह ने कहा कि जांच में आरोप सही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
