विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गैस गोदामों-ऑफिसों पर सिलिंडर के लिए लग रहीं कतार, होम डिलीवरी का 40 लाख डकार गईं एजेंसियां

Published: Sat, 04 Apr 2026 06:15 PM (IST)

गोंडा में घरेलू गैस सिलेंडरों की किल्लत जारी है। एजेंसियां उपभोक्ताओं से गोदाम या कार्यालय से सिलेंडर लेने पर भी ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सूत्र, गोडा। घरेलू गैस सिलिंडरों की किल्लत अब भी थमी नहीं है। उपभोक्ता एक अदद सिलिंडर पाने को गोदाम से कार्यालय तक चक्कर काट रहे है लेकिन उन्हें सिलिंडर का शुल्क होम डिलीवरी जोड़कर देना पड़ रहा है।

25 दिनों के बीच करीब ढाई लाख से अधिक सिलिंडरों की बिक्री हुई, जिनमें डेढ़ लाख से अधिक सिलिंडर लोगों ने खुद गोदाम व कार्यालय पहुंचकर लिया लेकिन, इनसे भी करीब 40 लाख रुपये होम डिलीवरी के शुल्क के रूप में ले लिए गए जबकि इनसे यह धनराशि नहीं ली जानी चाहिए।

सिलिंडरों की किल्लत अब भी बरकरार

मार्च के प्रथम सप्ताह से शुरू हुई सिलिंडरों की किल्लत अब भी बरकरार है। गैस एजेंसियों पर सिलिंडर लेने के लिए उपभोक्ता एक दिन नहीं बल्कि कई-कई दिन चक्कर काटते हैं। कभी सिलिंडर जमा करने तो कभी सिलिंडर लेने के नाम पर एजेंसी वाले जहां भी कहते हैं, उपभोक्ता वहां पहुंचकर इंतजार कर रहे हैं।

धूप में तप रहे उपभोक्ताओं की सांसत देखकर भी गैस एजेंसियों को तरस नही आ रहा है, वह उनकी जेब खाली करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है। यही कारण है कि जिन उपभोक्ताओं ने एजेंसियों के गोदामों व कार्यालयों से जाकर सिलिंडर लिया, उनसे भी होम डिलीवरी शुल्क ले लिया गया। प्रति सिलिंडर 20 से 30 रुपये अधिक वसूली पर पूर्ति विभाग के अधिकारी भी चुप्पी साधे हुए हैँ, जिससे आम उपभोक्ता लुटने को विवश है।

गोदाम से मिला सिलिंडर, शुल्क पर्ची में दिखाया गया होम डिलीवरी 

नवाबगंज के मुट्ठीगंज निवासी कृष्णकुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सिलिंडर गोदाम से जाकर लिया है,लेकिन पर्ची में होम डिलीवरी शुल्क जोड़कर ले लिया गया। धानेपुर के स्वामीनाथ ने बताया कि तीन बार दौड़े हैं तब गैस सिलिंडर मिला है।

सिलिंडर लेने के बाद शुल्क पर्ची मिली, उसमें घर पहुंचाना दिखाकर उसका शुल्क ले लिया गया। 25 दिन से चल रहे इस मनमानी के शिकार करीब डेढ़ लाख से अधिक उपभोक्ता हुए,जिन्होंने सिलिंडर तो गैस एजेंसी के गोदाम व कार्यालय से लिया लेकिन शुल्क उन्हें होम डिलीवरी का देना पड़ा। जिला पूर्ति अधिकारी कुंवर दिनेश प्रताप सिंह ने बिना घर पहुंचाए ही होम डिलीवरी शुल्क लेना गलत है। शिकायत मिली तो जांच कराकर कार्रवाई कराएंगे।