गोंडा में बनेगा 8.5KM लंबा फोरलेन बाईपास, 15 गांवों की जमीन का होगा अधिग्रहण
गोंडा में 8.5 किलोमीटर लंबे फोरलेन पूर्वी बाईपास के लिए भूमि अधिग्रहण की अधिसूचना जारी हो गई है। यह बाईपास 15 गांवों के 324 भूखंडों से जमीन लेकर बनाया जाएगा।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
पूर्वी बाईपास के लिए भूमि अधिग्रहण अधिसूचना जारी।
8.5 किलोमीटर लंबा फोरलेन बाईपास 15 गांवों से गुजरेगा।
शहर को जाम से निजात दिलाने में मदद मिलेगी।
संवाद सूत्र, गोंडा। पूर्वी आउटर रिंग रोड (बाईपास) बनाने के लिए भूमि अधिग्रहण की अधिसूचना राष्ट्रीय राजमार्ग खंड (एनएच) अयोध्या ने जारी कर दी है। साढ़े आठ किलोमीटर लंबे फोरलेन बाईपास के लिए 15 गांवों के 324 भूखंडों से 45.545 हेक्टेयर जमीन ली जाएगी।
पश्चिमी रिंग रोड के लिए कर्नलगंज व सदर तहसील के 22 गांवों से भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया लगभग पूरी होने वाली है। इसके लिए 370 करोड़ का बजट भी शासन आवंटित कर चुका है। इस बीच पूर्वी रिंगरोड के लिए भी राष्ट्रीय राजमार्ग खंड अयोध्या ने 15 गांव चिह्नित किए है।
इनके 324 गाटों (भूखंडों) से जमीन लेने का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसकी अधिसूचना भी दो नवंबर को जारी कर दी गई है। प्रस्ताव के अनुसार साढ़े आठ किलोमीटर लंबा पूर्वी रिंग रोड गोंडा-बलरामपुर रोड स्थित इंदिरापुर से निकलेगा, जो आगे तुरकौलिया, भटवलिया, तुर्काडीहा, धनौली, महादेव, सोनी कपूर, सोनी हरलाल, मझवा, मांदे, बहलोलपुर, लक्ष्मणपुर, अमदापारा, गंगापुर व उम्मेदजोत हुए अयोध्या रोड से मिल जाएगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग खंड अयोध्या द्वारा अधिसूचना जारी होने के बाद भूमि अधिग्रहण की अगली प्रक्रिया शुरू होगी। इसमें पूर्वी रिंगरोड के दायरे में आ रही जमीन की प्रकृति व उसके स्वामी का विवरण भी चिह्नित किया जाएगा।
उधर पश्चिमी रिंगरोड के लिए 22 गांवों में भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया अंतिम चरण में है। जिन काश्तकारों की जमीन जा रही है, उन भू स्वामियों को प्रति कर संबंधी नोटिस भूमि अधिग्रहण अधिकारी कार्यालय से मिलनी शुरू हो गई है,जिसके बाद जमीन की रजिस्ट्री होने लगेगी।
भूमि अधिग्रहण अधिकारी/नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा ने बताया कि रिंगरोड के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया चल रही है। पश्चिमी हिस्से की प्रक्रिया अंतिम दौर में है जबकि पूर्वी हिस्से के लिए भूमि अधिग्रहण शुरू हो गया है।
भूमि अधिग्रहण हो जाने के बाद निर्माण होगा, जिससे बाहर से आए वाहन शहर में अंदर आकर नहीं फसेंंगे। वे बाहर-बाहर से ही निकल जाएंगे,जिससे शहरवासियों को जाम से निजात मिल जाएगी।
- पूर्वी रिंग रोड की लंबाई-8.5 किलोमीटर
- इसके दायरे में आ रहे गांवों की संख्या-15
- पश्चिमी रिंगरोड की लंबाई-20.570 किलोमीटर
- इसके दायरे में आ रहे गांवों की संख्या-22
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।