दीपावली पर 6 से 11 नवंबर तक गोंडा में नहीं होगी बिजली कटौती, शिकायत मिलते ही तुरंत दुरुस्त होगी सप्लाई
गोंडा में दीपावली पर्व पर 6 से 11 नवंबर तक बिजली कटौती नहीं होगी, विभाग ने निर्बाध आपूर्ति की तैयारी ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
गोंडा में 6 से 11 नवंबर तक नहीं होगी बिजली कटौती।
दीपावली पर निर्बाध आपूर्ति के लिए विभाग ने की तैयारी।
तकनीकी खराबी पर तुरंत कार्रवाई को कंट्रोल रूम सक्रिय।
संवाद सूत्र, गोंडा। दीपावली पर्व पर घरों से लेकर बाजारों तक रोशनी बनाए रखने के लिए बिजली विभाग ने निर्बाध आपूर्ति की तैयारी की है। छह नवंबर से 11 नवंबर तक उपभोक्ताओं को बिना कटौती बिजली देने का निर्देश दिया गया है। इस दौरान त्योहार की खुशियों में बिजली संकट खलल न डाले, इसके लिए विभागीय स्तर पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
मुख्य अभियंता बिजली यदुनाथ यथार्थ ने कहा कि दीपावली के मद्देनजर निर्धारित अवधि में बिजली कटौती नहीं की जाएगी। विभाग का प्रयास रहेगा कि पर्व के दौरान शहर से लेकर गांवों तक आपूर्ति सुचारु बनी रहे और लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि तकनीकी खामी या अन्य कारणों से कहीं बिजली आपूर्ति बाधित होती है तो उसे तत्काल दुरुस्त कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए पहले से संचालित कंट्रोल रूम को और अधिक सक्रिय कर दिया गया है। साथ ही, शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और बिजली व्यवस्था की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम में कर्मचारियों की संख्या भी बढ़ाई गई है।
शटडाउन लेकर निजी सहायक से कराया काम, संविदाकर्मी हटाया
मुख्य अभियंता बिजली ने मनकापुर ग्रामीण उपकेंद्र के 11 केवी फीडर पर बिना सुरक्षा उपकरण के ट्रांसफार्मर की मरम्मत कर रहे संविदाकर्मी महेंद्र गिरि को कार्य से हटाने और उनके निजी सहायक गौरव को तत्काल संविदाकर्मी नियुक्त करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण में महेंद्र के शटडाउन लेकर मौके पर मौजूद न रहने का मामला सामने आया। संबंधित अवर अभियंता को कड़ी फटकार लगाते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया, जबकि उपखंड अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। मुख्य अभियंता ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा नियमों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।