विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोंडा में पिता की मारपीट से सहमकर बेहोश हुई छह साल की बच्ची, सीएचसी में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

Published: Thu, 24 Sep 2026 11:44 PM (IST)

गोंडा के हटही गांव में शराब के नशे में पिता की मारपीट से सहमकर छह साल की बच्ची महक की ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. गोंडा में पिता की मारपीट से सहमकर बच्ची की मौत।

  2. शराब के नशे में पिता ने परिवार से की मारपीट।

  3. पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लिया, जांच जारी।

संवाद सूत्र, कर्नलगंज (गोंडा)। हटही गांव में गुरुवार रात को शराब के नशे में पिता के तांडव ने छह वर्षीय मासूम की जान ले ली। पत्नी और स्वजन से मारपीट के दौरान बच्ची इतनी सहम गई कि उसकी हालत बिगड़ गई। पुलिस उसे लेकर सीएचसी पहुंची, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई।

हटही निवासी प्रमोद गौतम गुरुवार रात में शराब के नशे में घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए पत्नी, माता-पिता और बच्चों से मारपीट शुरू कर दी। पति के उग्र व्यवहार से घबराई पत्नी किसी तरह वहां से निकलकर छिप गई। ग्रामीणों की सूचना पर पीआरवी के कांस्टेबल मनीष कुमार, महिला कांस्टेबल नम्रता व शिवानी और चालक विनोद कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे।

घर के अंदर छह वर्षीय महक बेहोशी की हालत में मिली। पुलिसकर्मियों ने एंबुलेंस का इंतजार किए बिना उसे सरकारी वाहन से सीएचसी पहुंचाया, लेकिन चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही स्वजन अस्पताल पहुंच गए। सीओ कर्नलगंज और कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली।

कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि बच्ची के शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। घटना के दौरान भयभीत होने से उसकी हालत बिगड़ने की आशंका है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी। आरोपित पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर-गोंडा रेल खंड पर नॉन-इंटरलॉकिंग की वजह से 6 ट्रेनें रद, 26 का मार्ग बदला