गोंडा में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन कर लौट रहे ट्रैक्टर-ट्रॉला और ट्रक में भिड़ंत, दो की मौत; 8 लोग घायल
गोंडा में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन कर लौट रहे ट्रैक्टर-ट्रॉला और ट्रक की टक्कर में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए।

सड़क हादसे में दो लोगों की मौत।
HighLights
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन से लौटते समय हादसा।
ट्रैक्टर-ट्रॉला और ट्रक की हुई सीधी टक्कर।
हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत, आठ घायल।
जागरण संवाददाता, गोंडा। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन कर अयोध्या से लौट रहा ट्रैक्टर-ट्राला बुधवार रात राजासगरा चौराहे के पास सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ गया।
हादसे में आठ श्रद्धालु घायल हो गए, जबकि उपचार के दौरान दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई। घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को मेडिकल कालेज रेफर किया गया।
मोतीगंज के गोविंदपारा निवासी नितिन, सोनू, रामकुमार, संतराम व राजनरायन समेत अन्य लोग ट्रैक्टर-ट्राला से अयोध्या में दुर्गा प्रतिमा विसर्जित कर वापस घर लौट रहे थे। राजासगरा चौराहे पर सामने से प्रतिमा लेकर अयोध्या जा रहे ट्रक से उनकी भिड़ंत हो गई।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. आशुतोष शुक्ल ने बताया कि नितिन का पैर टूट गया है। उसे बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कालेज रेफर किया गया। अन्य घायलों का भी उपचार किया गया। पूर्व ग्राम प्रधान योगेश मिश्र ने बताया कि मेडिकल कालेज में उपचार के दौरान संजय की मौत हो गई। शिवकुमार का हाथ टूट गया है, जबकि राजेश, संतोष व आशीष गंभीर रूप से घायल थे।
बाद में देररात उपचार के दौरान आशीष ने भी दम तोड़ दिया। संजय और आशीष मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। दोनों की शादी नहीं हुई थी। संजय दो भाइयों में बड़े थे। उनके छोटे भाई विजय हैं। पिता राम केवल की तीन वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है।
आशीष के छोटे भाई आदित्य हैं। उनकी एक बहन की शादी हो चुकी है। दोनों की मौत से स्वजन का रो-रोकर हाल बेहाल है। प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक चालक केशवपुर पहाड़वा कोतवाली नगर से प्रतिमा लेकर अयोध्या जा रहा था।
प्रतिमा को दूसरे वाहन से अयोध्या भेजने की व्यवस्था की गई। हादसे के बाद करीब 20 मिनट तक आवागमन बाधित रहा, जिसे पुलिस ने पहुंचकर बहाल कराया। पुलिस दोनों वाहनों और प्रतिमा से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
