अयोध्या में ढांचा गिराने के मामले में देश में पहली गिरफ्तारी हुई थी बृजभूषण की
आरोपितों के खिलाफ कोई साक्ष्य नहीं है
गोंडा : अयोध्या में विवादित ढांचा गिराने के मामले में बुधवार को फैसला आने वाला है। इस आरोप में कैसरगंज के सांसद बृजभूषण शरण सिंह जेल भी जा चुके हैं। उनका मानना है कि जांच में सभी आरोपी बरी होंगे। कारण आरोपितों के खिलाफ कोई साक्ष्य नहीं है।
सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने बताया कि अयोध्या में विवादित ढांचा गिराए जाने के मामले में देश में सबसे पहले उन्हें ही गिरफ्तार किया गया था। उसके बाद ही अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी हुई थी। उनका कहना है कि बागपत के सांसद सतपाल सिंह उस समय पुलिस अधिकारी थे। सांसद का कहना है कि हालांकि जांच में उन पर कोई आरोप नहीं है। उनका मानना है कि ढांचा गिराने के मामले में बुधवार को आने वाले फैसले में सभी आरोपित बरी होंगे। उन्होंने कहा कि जांच टीम के पास कोई पुख्ता साक्ष्य नहीं हैं। इधर उधर व मीडिया के आधार पर ही मुकदमा दर्ज हुआ था। सांसद ने कहा कि जो भी फैसला होगा वह मान्य होगा। प्रभु श्रीराम सबकी रक्षा करेंगे। उन्होंने बताया कि बुधवार को वह कोर्ट में फैसले के दौरान मौजूद रहेंगे।