युवाओं ने शैक्षिक यात्रा कर दिया जागरूकता का संदेश
अनुशासित जीवन जीने व कुसंग से बचने की सलाह
गोंडा : तीन महीने से चल रहे योग शिविर के कुछ प्रतिभागियों के साथ कवि शिवपूजन शुक्ल ने क्षेत्र विशेष की शैक्षिक यात्रा की। मास्क लगाओ दूरी बनाओ, कोरोना को मार भगाओ के तहत शैक्षिक यात्रा की गई।
शिवपूजन शुक्ल ने बताया कि सभी बच्चे बाहर उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा जमथा से चलकर ग्राम सभा ताराडीह में प्रधान सत्य प्रकाश मिश्र के आवास पर पहुंची। यहां गांव के विकास पर चर्चा हुई। वहीं राजकीय पॉलीटेक्निक के प्राचार्य से देश के विकास में तकनीक की महत्ता पर बातचीत की गई। थानाध्यक्ष से भी उक्त दल मिला। जहां अनुशासित जीवन जीने व कुसंग से बचने की सलाह दी गई। मां वाराही का दर्शन करके यात्रा तुलसीदास की जन्मभूमि राजापुर पहुंची। वहां पर गोस्वामी तुलसी दास के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चर्चा हुई। इसके बाद वाराह मंदिर, गुरु नरहरि आश्रम होते हुए अहलादपुरवा पहुंचे। जहां पर जनता इंटर कॉलेज के इतिहास के पूर्व प्रवक्ता शीतला प्रसाद सिंह छात्रों को ज्ञान और अनुभव बांटा। संस्कृत के विद्वान सत्यपाल मिश्र ने श्लोक सुनाया। समाजसेवी डॉ. जंग बहादुर सिंह से भी ज्ञानार्जन किया गया। इस दौरान चितामणि शुक्ल, देवांक दुबे, रिषीक पाठक, आशुतोष पाठक, शुभम तिवारी, विकास पांडेय, वेदांक दुबे मौजूद रहे।