छात्र एक, एलएलबी परीक्षा परिणाम दो
गोंडा : आइए आपको डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कारनामों से रूबरू कराते है
गोंडा : आइए आपको डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कारनामों से रूबरू कराते हैं। जिले के एलएलबी के एक विद्यार्थी का दो परीक्षा परिणाम जारी कर दिया गया है। जिससे छात्र परेशान है। विश्वविद्यालय प्रशासन जांच की बात कर रहा है। इससे पहले बीएड के परीक्षार्थी के प्रवेशपत्र पर छात्र के फोटो व हस्ताक्षर के स्थान पर अभिनेता अमिताभ बच्चन की फोटो लगा दिया गया था।
शहर से सटे पोर्टरगंज निवासी बृजलाल तिवारी अयोध्या के साकेत डिग्री कॉलेज में एलएलबी छठवें सेमेस्टर के छात्र हैं। अवध विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षा में वह उपस्थित रहे। सभी विषयों की परीक्षा दी है। गुरुवार को रिजल्ट आया, जिसके बाद से वह परेशान हैं। कारण उनका दो परिणाम जारी कर दिया गया है। एक में वह पास हैं जबकि दूसरे में अनुपस्थित होने का दावा करते हुए फेल दिखाया जा रहा है। अवध विश्वविद्यालय के कुल सचिव डॉ. एसएन शुक्ल का कहना है कि प्रकरण संज्ञान में नहीं था। एक छात्र का दो परिणाम जारी होने का मामला गंभीर है। जांच करके कार्रवाई की जाएगी।