दुर्गा प्रतिमा विसर्जन आज से, तैयारी पूरी
पंतनगर में आज होगा दस फुट के रावण का दहन
गोंडा: रविवार से दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू हो रहा है। इस बार जिले में स्थापित 1055 दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर प्रशासन ने निगरानी का प्रबंध किया है। हरेक प्रतिमा के जुलूस के साथ पुलिस कर्मियों को लगाया गया है।
एएसपी महेंद्र कुमार ने बताया कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान जिला प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन कराने को कहा गया है। सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि प्रतिमा पंडालों का भ्रमण करके निगरानी की जाए। आयोजकों से संपर्क करके स्थिति पर नजर रखी जाए। नगर कोतवाल आलोक राव ने चौकी प्रभारियों के साथ बैठक की। इसमें सुरक्षा को लेकर तैयारियों पर चर्चा की गई।
आज होगा रावण दहन
- हर बार शहर के मालवीय नगर, रानीबाजार व पंतनगर में रामलीला होती थी। इस बार सिर्फ पंतनगर में ही रामलीला का मंचन होगा। तीन दिवसीय रामलीला का समापन रविवार को होगा। दस फुट का रावण तैयार करने में पटेलनगर के राजू परिवार समेत लगे हुए हैं। रविवार की शाम सात बजे प्रतीक के तौर पर रावण के पुतले का दहन किया जाएगा।
विसर्जन स्थल पर की गई तैयारी
- केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष अरुण शुक्ल व मंत्री राकेश वर्मा की मांग पर डीएम डॉ. नितिन बंसल ने विसर्जन स्थल की व्यवस्था को बेहतर करने का निर्देश दिया था। इस पर नगर पालिका की टीम ने मालवीय नगर स्थित सागर तालाब व खैरा भवानी के पोखरे पर तैयारियां की है।