राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों का रहा दबदबा, जीता आठ पदक
दतौली (गोंडा) : जवाहर नवोदय विद्यालय मनकापुर में राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। पहले दिन बालिका वर्ग की खेल प्रतियोगिता में जिले की खिलाड़ियों का दबदबा रहा। आठ स्वर्ण पदक जीता। एसडीएम आकाश सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। छात्रा शिवांशी, अंशिका, प्रीति, रिमझिम व अक्षरा ने सांस्कृतिक कार्यक्रम किया। बालिका वर्ग की सब जूनियर में 23 किलो भार वर्ग में रामपुर की मीनाक्षी प्रथम स्थान पर रहीं। 32 किलो भार वर्ग में बागपत की रीया प्रथम व कासगंज की शिखा पाल द्वितीय स्थान पर रहीं। 36 किलो में जिले की मनी सिंह, 40 किलो में दिव्यांशी, 44 किलो भार वर्ग अंचन ने स्वर्ण पदक जीता है। प्लस 44 किलो में रामपुर की भीम प्रिया प्रथम स्थान पर रहीं। इसी तरह से अंडर-17 के 36 किलो भार वर्ग में जिले की सृष्टि, 40 किलो में सुमन पाल, 44 किलो में इशिका, 52 किलो में अनमोल पांडेय, 70 किलो भार वर्ग में गौरी व प्लस 70 किलो भार वर्ग में दीप्ति ने स्वर्ण पदक जीता। 48 किलो में रामपुर की प्रियांशी, 57 किलो में शिवांगी, 63 किलो में अक्षिता ने स्वर्ण पदक जीता है। निर्णायक मंडल में तिलक राम, पवन कुमार, संजीत, रजनीश व रैना कुमारी शामिल रहे। इन जिलों के खिलाड़ी कर रहे प्रतिभाग - प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के 20 जिलों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रधानाचार्य जेपी सिंह ने कहा कि प्रतियोगिता में बस्ती, सीतापुर, संभल, बंदायु, एटा, बागपत, मेरठ, आगरा, मुरादाबाद, लखनऊ, गोरखपुर, अयोध्या, मुजफ्फरनगर, प्रतापगढ़, कासगंज, रामपुर, उन्नाव, हरिद्वार, गोंडा, जेपी नगर, बलरामपुर के खिलाड़ी शामिल हैं। दो दिनों की प्रतियोगिता में 154 व 77 बालिकाएं प्रतिभाग करेंगी। दस खिलाड़ियों ने जीता स्वर्ण पदक गोंडा : लखनऊ के चौक स्टेडियम में 19 से 21 अगस्त तक हुई ताइक्वांडो प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने सफलता का परचम लहराया। दस खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीता है। गोंडा ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव प्रत्यूष राज ने कहा कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने 10 स्वर्ण, आठ रजत व सात कांस्य पदक अर्जित किया। ओवरआल बेस्ट परफार्मेंस टीम का अवार्ड जीता है। खिलाड़ियों को जिले में सम्मानित किया जाएगा।