विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोंडा में धीरेंद्र शास्त्री का अखिलेश को जवाब, 'पहले यज्ञ में राक्षस हड्डियां डालते थे, अब पोस्ट डालते हैं'

Published: Tue, 17 Nov 2026 07:30 PM (IST)

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के कथा विरोध पर कहा कि विरोध आदिकाल से चला आ रहा है, पहले राक्षस हड्डियां डालते थे, अब पोस्ट डालते हैं।

गोंडा में श्रीरामकथा के शुभारंभ अवसर पर धीरेंद्र शास्त्री। तस्वीर- जागरण

गोंडा में श्रीरामकथा के शुभारंभ अवसर पर धीरेंद्र शास्त्री। तस्वीर- जागरण

HighLights

  1. कथा विरोध पर बोले धीरेंद्र शास्त्री, पहले राक्षस हड्डियां डालते थे।

  2. सनातन धर्म का दबदबा बढ़ रहा है, हिंदू एकजुट हों।

  3. स्वामी रामदेव ने भी सनातन गौरव और एकता पर जोर दिया।

जागरण संवाददाता, गोंडा। पहले यज्ञ में राक्षस हड्डियां डालते थे, अब पोस्ट डालते हैं। ये तो आदिकाल से चलता आ रहा है। कोई नई बात नहीं है। विरोध होना भी स्वभाविक है। यह प्रतिक्रिया बाबा बागेश्वरधाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के कथा के विरोध को लेकर पूछे गए सवाल पर दी। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि मैं न तो राजनीतिक व्यक्ति पर बोलता और न ही राजनीति से कोई लेना-देना है।

इटियाथोक के जयप्रभाग्राम में आयोजित श्रीरामकथा के शुभारंभ अवसर पर पीठाधीश्वर ने कहा कि संतों का भी दबदबा होता है भइया। हमने देख लिया, बड़ा ही अलौकिक बनाया है। जब मैं उड़नखटोला (हेलीकाप्टर) से उतरा तो गोंडा में हमें लग गया कि हमारा सनातन अद्भुत है। उसका भी दबदबा होता है, सनातन का भी जलवा है। साधु-संत भी कम नहीं हैं और साधु का दबदबा होता है। हमने जब देखा आनंद से हृदय एकदम फूल गया। हमारा सनातन जाग रहा है। जो कल तक संतों को केवल मांगने वाला समझते थे, अब हमारे संत देने वाला दाता भी बन गए हैं।

हम सब हिंदू हैं, जाति-पात की करो विदाई। जो राम का नहीं, वह किसी काम का नहीं है। उन्होंने सवाल किया सनातन के इस दबदबे को देखकर किसको-किसको आनंद आ रहा है। धर्म विरोधियों की छाती पर सांप लोट गया है। हिंदुओं को एक होना चाहिए। अयोध्या में प्रभु श्रीराम, मथुरा में घनश्याम कृष्णलला के रूप में विराजमान हैं। उसी पुण्यमयी भूमि पर आज संतों, महांतों, मठों का अखाड़ा लगा हुआ है। भव्य आयोजन के लिए श्री श्यामा श्याम जू ट्रस्ट व श्री चित्रकूट बालाजी ट्रस्ट के अध्यक्ष संत आलोक दास की सराहना की।

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि चार से छह दिसंबर तक मैं गोंडा में कथा कहने आ रहा हूं। योग गुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि यह सनातन के गौरव का काल है और गोंडा की इस पवित्र धरा पर राम कथा का आयोजन अत्यंत सौभाग्य की बात है। हिंदुओं में आपस में फूट पड़ी है, ये दूर होनी चाहिए। भगवान श्रीराम हमारे राष्ट्र के प्राण, आदर्श और मर्यादा पुरुषोत्तम हैं। उन्होंने कहा कि एकात्म भाव से ही देश में समरसता और खुशहाली आएगी, जिससे हम राष्ट्र विरोधी और सनातन विरोधी साजिशों को विफल कर एक सशक्त भारत का निर्माण कर सकेंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।