गाजीपुर में मतदाता सूची पुनरीक्षण में आई तेजी, जहूराबाद में सर्वाधिक 7458 फार्म जमा
गाजीपुर में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में तेजी आई है, जिसमें अब तक 31,375 फॉर्म जमा हुए और 28,353 का निस्तारण किया जा चुका है। लंबित फॉर्मों के निस्तारण और नए आवेदन के लिए 28 व 29 नवंबर को विशेष अभियान चलेगा, जिसमें सभी बूथों पर बीएलओ मौजूद रहेंगे।

गाजीपुर में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेज, 28-29 नवंबर को विशेष अभियान।
HighLights
गाजीपुर में 31,375 मतदाता सूची पुनरीक्षण फॉर्म जमा हुए।
जहूराबाद विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 7,458 फॉर्म प्राप्त।
28 और 29 नवंबर को सभी बूथों पर बीएलओ रहेंगे।
जागरण संवाददाता, कासिमाबाद गाजीपुर। जिले में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत फार्म जमा करने और उनके निस्तारण की प्रक्रिया तेज हो गई है। अब तक जिले में कुल 31,375 फार्म जमा हुए हैं, जिनमें से 28,353 का निस्तारण कर दिया गया है, जबकि 3,022 फार्म लंबित हैं। विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों में जहूराबाद सबसे आगे है, जहां सर्वाधिक 7,458 फार्म जमा किए गए हैं।
जिलाधिकारी संजय कुमार कुशवाहा ने बताया कि जहूराबाद विधानसभा क्षेत्र में फार्म-6 के 5,448, फार्म-7 के 750 और फार्म-8 के 1,260 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 7,042 फार्मों का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 416 फार्म अभी लंबित हैं। अभियान के तहत नए मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ने, मृतक व स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा नाम और पते में संशोधन किया जा रहा है।
मतदाता सूची पुनरीक्षण को गति देने के लिए 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। एसडीएम ने मतदाताओं से अपील की है कि जिनका नाम सूची में नहीं है या नाम-पते में कोई त्रुटि है, वे निर्धारित तिथियों पर अपने बीएलओ से संपर्क कर संबंधित फार्म भरकर जमा करें।
इससे कोई भी पात्र मतदाता मतदान से वंचित नहीं रहेगा।विधानसभा क्षेत्रवार फार्म जमा करने की स्थिति में जंगीपुर में 5,053, सैदपुर में 4,451, जमानियां में 4,560, जखनियां में 4,138, मुहम्मदाबाद में 3,875 और गाजीपुर सदर में 3,840 फार्म जमा हुए हैं।