टाउन एरिया होने के बावजूद नहीं है कोई पार्क
जमानियां (गाजीपुर) कहने को तो जमानियां को नगर पालिका परिषद व दिलदारनगर को नगर पंचायत का दर्जा मिला है। लेकिन विडंबना यह है की यहां एक अदद पार्क भी नहीं है।
जासं, जमानियां (गाजीपुर) : कहने को तो जमानियां को नगर पालिका परिषद व दिलदारनगर को नगर पंचायत का दर्जा मिला है। यहां एक अदद पार्क भी नहीं है। बच्चों के खेलने व बुजुर्गों को टहलने के लिए भी कोई जगह नहीं है। मजबूरी में कई बुजुर्ग और युवा सुबह-शाम सड़कों पर टहलते देखे जाते हैं। इससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। वहीं बहुत से लोग पार्क न होने के कारण मन दबाकर रह जाते हैं। नगर के लोगों ने कई बार इस समस्या के प्रति जिम्मेदारों का ध्यान आकृष्ट कराया, लेकिन नतीजा सिफर रहा।
जमानियां नगर पालिका में कुल 25 वार्ड हैं। पार्क न होने से बच्चों को खेलने के लिए इधर-उधर जाना पड़ता है। बहुतेरे बच्चे तो एनपीआरसी परिसर में सुबह शाम खेलते हैं। पार्क के अभाव में बच्चों में खेल के प्रति रुचि भी खत्म होती जा रही है। यही हाल दिलदारनगर नगर पंचायत का भी है। यहां कुल 11 वार्डों में बच्चों के लिए कोई पार्क नहीं है। स्टेशन से सटे जगजीवन राम रेलवे पार्क है, लेकिन वह भी केवल नाम का। बरसात के दिनों में पूरी तरह पानी भर जाता है। बच्चे घरों के बाहर या सड़कों पर ही खेलते हैं। नगरवासी वर्षों से पार्क की मांग कर रहे हैं। फिर भी आज तक इनकी मांग को पूरा नहीं किया गया। नगर के लोगों ने कहा कि स्वास्थ्य सही रहता है तो मन भी शुद्ध रहता है। पार्क होता तो बुजुर्ग, बच्चे सुबह-शाम वहां जाकर टहलते, खेलते। मन बहलाने की कोई जगह नहीं है। नगर में पार्क होना बेहद जरूरी होता है। जहां लोग जाकर समय व्यतीत करने के साथ ही खुली हवा का आनंद ले सकें। इसके लिए प्रशासन को पहल करने की जरूरत है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप