गाजीपुर में तरांव स्टेशन के पास सुहेलदेव एक्सप्रेस पर पथराव, असिस्टेंट लोको पायलट घायल
गाजीपुर में तरांव रेलवे स्टेशन के पास सुहेलदेव एक्सप्रेस पर अज्ञात तत्वों ने पथराव किया, जिससे इंजन की खिड़की का ...और पढ़ें
-1791984534017_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
सुहेलदेव एक्सप्रेस के इंजन पर अज्ञात तत्वों ने पथराव किया।
पथराव से इंजन की खिड़की का शीशा टूट गया।
असिस्टेंट लोको पायलट विकास कुमार तिवारी घायल हुए।
संवाददाता, सैदपुर (गाजीपुर)। औड़िहार-गाजीपुर रेलखंड पर बुधवार की सुबह तरांव रेलवे स्टेशन के पास अज्ञात अराजक तत्वों ने चलती सुहेलदेव एक्सप्रेस के इंजन पर पथराव कर दिया। पत्थर इंजन में चालक के बगल की खिड़की के शीशे से टकराया, जिससे शीशा टूट गया। उसके टुकड़े लगने से असिस्टेंट लोको पायलट विकास कुमार तिवारी घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारियों में खलबली मच गई। आरपीएफ ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
आनंद विहार से गाजीपुर सिटी रेलवे स्टेशन जा रही सुहेलदेव एक्सप्रेस बुधवार सुबह करीब 10 बजे तरांव रेलवे स्टेशन के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने ट्रेन को निशाना बनाते हुए पत्थर फेंक दिया। पत्थर इंजन की खिड़की के शीशे से टकराया और उसके टुकड़े उछलकर असिस्टेंट लोको पायलट विकास कुमार तिवारी के सिर और चेहरे पर जा लगे।
इससे उन्हें हल्की चोटें आईं। घटना के बाद घायल असिस्टेंट लोको पायलट को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया। वहीं, ट्रेन के पायलट ने घटना की सूचना रेलवे कंट्रोल रूम और उच्चाधिकारियों को दी। सूचना मिलने पर आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और निरीक्षण किया।
आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि घटना के संबंध में जांच की जा रही है। चलती ट्रेन पर पथराव करने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- पति सुपरवाइजर, बेटा इंजीनियर और बेटी चंद्रमा के बाद ट्रेन में नया कांड, 'अपने कपड़े फाड़कर फंसा दूंगी'
