पति सुपरवाइजर, बेटा इंजीनियर और बेटी चंद्रमा के बाद ट्रेन में नया कांड, 'अपने कपड़े फाड़कर फंसा दूंगी'
सिकंदराबाद एक्सप्रेस में बिना टिकट यात्रा कर रही राधिका तिवारी नामक महिला ने टीटीई को कपड़े फाड़कर फंसाने की धमकी ...और पढ़ें

ट्रेन में महिला का नया कांड: 'अपने कपड़े फाड़कर फंसा दूंगी' धमकी का वीडियो वायरल। - सोर्स : सोशल मीडिया

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, वाराणसी। कुछ माह पूर्व ट्रेन में एक महिला के हाथ में चप्पल लेकर दूसरे व्यक्ति को धमकी देते हुए अपने परिवार का महिमा मंडन करते हुए पति सुपरवाइजर, बेटा इंजीनियर और बेटी चंद्रमा बताने का वायरल वीडियो तो तमाम लोगों ने सुना देखा होगा। इस बार ट्रेन में नया कांड हो गया जिसमें 'अपने कपड़े फाड़कर फंसा दूंगी' की धमकी देती महिला का वीडियो वायरल हो गया है।
पूरा मामला बिहार से यूपी आने के दौरान ट्रेन का है जहां पर एक महिला अपनी बेटी के साथ ट्रेन में सवार होती है और बताती है कि पिता ने ट्रेन में बिठाया है। उसके पास टिकट नहीं है और टिकट बनावाने का पैसा मांगे जाने के बाद वह टीटीई को ही फंसाने के लिए धमकी देती नजर आ रही है। रेलवे की ओर से जारी वीडियो में महिला के धमकाने और ब्लैकमेलिंग की पूरी कहानी दर्ज है। ट्रेन दानापुर रेल मंडल से डीडीयू रेल मंडल आ रही थी जहां पूरा घटनाक्रम दिलदारनगर गाजीपुर का बताया गया है।
रेलवे की ओर से जारी पोस्ट में कहा गया है कि महिला का नाम राधिका तिवारी है, जो 12792 सिकंदराबाद एक्सप्रेस में बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़ी गई। उसके बाद जब ऑन ड्यूटी टिकट चेकिंग स्टाफ ने टिकट मांग कर चालान भरने की बात की तो यह खुद से अपने कपड़े फाड़कर घर वालों को फोन कर विक्टिम कार्ड खेलने लगी। बताया कि शुक्र था कि टीटीई ने अपना कैमरा ऑन रखा था और सारी घटना कैमरे में कैद हो गई।
घटना 17 सितंबर 2026 की बताई गई है। गाड़ी संख्या 12792 सिकंदराबाद एक्सप्रेस में टिकट जांच के दौरान एक महिला यात्री और टिकट चेकिंग स्टाफ के बीच विवाद का मामला सामने आया। जानकारी के अनुसार महिला यात्री ट्रेन में बिना टिकट यात्रा कर रही थी। टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा टिकट बनाने के लिए कहे जाने के बाद महिला ने कथित तौर पर हंगामा शुरू कर दिया और टिकट चेकिंग स्टाफ पर गलत आरोप लगाकर उन्हें धमकाने लगी।
बताया गया कि विवाद के दौरान महिला ने अपना नाम राधिका तिवारी और अपने भाई का नाम मुन्ना तिवारी बताया और बताया कि मेरा भाई भी बड़ा वाला टीटीई है। आरोप है कि वह टिकट चेकिंग स्टाफ को धमकाते हुए कहने लगी कि “मेरे घर में तुमसे बड़ा-बड़ा टीटीई है, सब बता देंगे अभी।”इसके बाद उसने अपने परिवार के सदस्यों को फोन करना शुरू कर दिया। और टीटीई को बोली कि अब तो जेल जाएगा।
घटना के संबंध में दिए गए विवरण के अनुसार, महिला ने कथित तौर पर अपने कपड़े स्वयं फाड़ने शुरू कर दिए और इसके बाद परिवार के लोगों को फोन पर यह बताने लगी कि उसके साथ गलत व्यवहार किया जा रहा है। उसने बार बार फोन मिलाने की कोशिश करती रही और बोल रही थी कि आज इसको ना फंसा दी तो मेरा नाम भी "राधिका ब्रांड" नहीं।
इसके बाद वह गूगल में फोन पर कमांड देती है कि "ट्रेन में जो पुलिस आता है कौन सा पुलिस है? टीटीई मुझे तंग कर रहा है"। स्थिति को देखते हुए टिकट चेकिंग स्टाफ ने अपनी सुरक्षा और घटनाक्रम का रिकॉर्ड साक्ष्य के रूप में रखने के लिए वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी।
मामला बढ़ने पर रेल पुलिस को भी इसकी जानकारी दी गई। वीडियो में लड़की अपशब्द और मां के नाम की गाली देते नजर आ रही है। ट्रेन के दिलदारनगर स्टेशन पहुंचने के बाद महिला यात्री को ट्रेन से उतार लेने की जानकारी दी गई है। स्टेशन पर रेल पुलिस और महिला पुलिस कर्मियों के सामने पूछताछ शुरू होने के बाद महिला का रुख बदल गया। उसने वहां कहा कि “हम कपड़ा कहां फाड़े, हम तो फोन पर बात कर रहे थे। आप लोग एक लड़की के साथ ऐसा कैसे कर सकते हैं।”
इसके बाद महिला पुलिस कर्मी ने वीडियो रिकॉर्डिंग का हवाला देते हुए उससे सवाल किया कि यदि उसने कपड़े स्वयं नहीं फाड़े तो वीडियो में वह खुद कपड़े फाड़कर टिकट चेकिंग स्टाफ पर आरोप लगाते हुए क्यों दिखाई दे रही है। महिला पुलिस की ओर से यह भी सवाल किया गया कि ट्रेन में उस समय मौजूद सारे यात्री क्या झूठ बोल रहे हैं?
तब लड़की ने बताया कि टीटीई ही मुझसे बदतमीजी कर रहे थे और मुझे गाली दे रहे थे। जबकि वीडियो में वह खुद गाली देती हुई दिख रही है। पूछताछ के दौरान, महिला ने यह भी बताया कि उसे उसके पिता ने ट्रेन में बैठाया था और वह भी बिना टिकट। इस बयान के बाद मामले में बिना टिकट यात्रा के साथ-साथ टिकट चेकिंग स्टाफ के साथ हुए पूरे विवाद की परिस्थितियां की जांच हो रही है।
इस घटनाक्रम ने ट्रेन में टिकट जांच के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा और झूठी शिकायतों के आरोपों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस और संबंधित मजिस्ट्रेट से पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है। वहीं रेलवे की ओर से इस पूरे घटनाक्रम का वीडियाे भी लगातार वायरल हो रहा है। हालांकि महिला पर कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आ सकी है।
