गाजीपुर में स्पेशल ट्रेन की कपलिंग खुली, दो हिस्सों में बंटी, आधे घंटे ठप रहा परिचालन
गाजीपुर में दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर आनंद विहार-पटना स्पेशल ट्रेन की कपलिंग खुलने से ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई। भदौरा और गहमर रेलवे स्टेशन के बीच हुई इस घटना से करीब आधे घंटे तक ट्रेनों का आवागमन बाधित रहा।
HighLights
आनंद विहार-पटना स्पेशल ट्रेन की कपलिंग खुली।
गाजीपुर में ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई।
दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर परिचालन बाधित हुआ।
जागरण संवाददाता,दिलदारनगर (गाजीपुर)। दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर भदौरा और गहमर रेलवे स्टेशन के बीच गुरुवार शाम आनंद विहार से पटना जा रही 03294 डाउन आनंद विहार-पटना फेयर स्पेशल ट्रेन के इंजन की कपलिंग खुल गई।
देवकली गांव के पास हुई इस घटना से ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई और डाउन लाइन पर ट्रेनों का आवागमन थम गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद शाम 4:25 बजे ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे परिचालन बहाल हो सका।दिलदारनगर आरपीएफ भी मौके पर पहुंची।
दिल्ली - हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर आनद बिहार से पटना को जा रही रन थ्रू फेयर स्पेशल ट्रेन जैसे ही भदौरा रेलवे क्रासिंग को पास कर आगे बढ़ी वैसे ही ट्रेन के इंजन का कपलिंग खुलने से बोगी इंजन से छूट गयी और इंजन कुछ आगे बढ़ गया।इसके बाद यात्री भी नीचे उतर गए।ट्रेन के पायलट ने इसकी सूचना भदौरा स्टेशन को दी वहां से दानापुर कंट्रोल को भी सूचना दी गयी।सूचना पर नियंत्रण कक्ष में खलबली मच गई।
ट्रेन के पायलट, गार्ड और भदौरा के रेलवे स्टाफ के सहयोग से स्पेशल ट्रेन के इंजन को पीछे से पुश कर बोगियों से दोबारा जोड़ा गया। इसके बाद शाम 4:25 बजे ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे अन्य ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ।हालांकि इंजन का कपलिंग कैसे खुला इसकी जानकारी नहीं हो सकी।
इस कारण 12791 सिकंदराबाद-दानापुर एक्सप्रेज शाम 3:55 से 4:55 बजे तक स्थानीय स्टेशन पर खड़ी रही।वही एक स्पेशल ट्रेन डाउन लूप में शाम 3:53 से 4:47 बजे तक रुकी रही। वहीं दरौली में 22554 रक्सौल अंत्योदय एक्सप्रेस तो जमानियां में 13240 मथुरा-पटना और इसके पीछे अन्य ट्रेनें भी खड़ी रही। यातायात निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि भदौरा स्टेशन के आगे देवकली गांव के पास आनंद विहार फेयर स्पेशल ट्रेन के बोगियों से इंजन अलग होने के कारण परिचालन प्रभावित हुआ।