दिल्ली-हावड़ा रूट पर पेंटोग्राफ टूटने व इंजन फेल होने से तीन दिन में चार बार गाजीपुर में लड़खड़ाया रेल परिचालन
दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर तीन दिनों में पेंटोग्राफ टूटने, इंजन फेल होने और ओएचई तार की घटनाओं से रेल परिचालन ...और पढ़ें

दिल्ली-हावड़ा रूट पर तीन दिन में चार बार लड़खड़ाया रेल परिचालन, यात्री बेहाल!
HighLights
दिल्ली-हावड़ा रूट पर तीन दिन में चार बड़े व्यवधान।
पेंटोग्राफ टूटने, इंजन फेल होने से ट्रेनें घंटों लेट।
राजधानी, श्रमजीवी, विभूति एक्सप्रेस समेत दर्जनों ट्रेनें प्रभावित।
जागरण संवाददाता, जमानियां (गाजीपुर)। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग के पटना-डीडीयू रेलखंड पर तीन दिनों के भीतर चार बड़े व्यवधानों ने रेल परिचालन की व्यवस्था को झकझोर कर रख दिया। पेंटोग्राफ टूटने, इलेक्ट्रिक इंजन फेल होने और ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) तार पर निजी केबल गिरने की घटनाओं के चलते राजधानी, श्रमजीवी और विभूति एक्सप्रेस समेत दर्जनों ट्रेनें घंटों विलंबित हुईं।
27 से 30 अक्टूबर के बीच हुई इन घटनाओं ने न केवल रेल परिचालन की निर्भरता पर सवाल खड़े किए, बल्कि यात्रियों को भी भारी परेशानी में डाल दिया। शुक्रवार की रात धीना और जमानियां स्टेशन के बीच विभूति एक्सप्रेस के इंजन से नीलगाय टकराने के बाद पेंटोग्राफ और ओएचई लाइन का कैंटिलीवर टूटने से करीब पांच घंटे तक परिचालन प्रभावित रहा।
पेंटोग्राफ टूटने से ढाई घंटे बाधित रहा अप ट्रैक
27 अक्टूबर को ब्रह्मपुर और रघुनाथपुर के बीच 12391 श्रमजीवी एक्सप्रेस का पेंटोग्राफ टूटकर 25 हजार वोल्ट की ओएचई लाइन में उलझ गया। सूचना पर पहुंची कर्षण एवं वितरण (टीआरडी) विभाग की टीम ने टावर वैगन की मदद से टूटे पेंटोग्राफ को अलग किया और वैकल्पिक व्यवस्था से बिजली आपूर्ति बहाल की। सुरक्षा जांच के चलते दोपहर एक बजे से 3:30 बजे तक अप ट्रैक बाधित रहा। इस दौरान कई ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा।
राजधानी का इंजन फेल, पांच घंटे देर से पहुंची दिल्ली
27 अक्टूबर की रात 10:28 बजे 12309 तेजस राजधानी एक्सप्रेस का इलेक्ट्रिक इंजन बहोरा और धीना स्टेशन के बीच फेल हो गया। इसके बाद डीडीयू जंक्शन से राहत इंजन भेजा गया। राहत इंजन की मदद से ट्रेन रात करीब दो बजे रवाना हो सकी। इसके चलते राजधानी एक्सप्रेस नई दिल्ली अपने निर्धारित समय सुबह 7:40 बजे से पांच घंटे से अधिक की देरी से पहुंची। मगध, हिमगिरी, गरीब रथ और बागमती एक्सप्रेस समेत कई अन्य ट्रेनें भी प्रभावित हुईं।
ओएचई तार पर गिरा निजी केबल, डेढ़ घंटे ठप रही बिजली आपूर्ति
28 अक्टूबर की शाम 7:25 बजे पटना-दानापुर रेलखंड पर सचिवालय हाल्ट के पास निजी केबल ऑपरेटर का तार 25 केवी ओएचई लाइन पर गिर गया। इससे शार्ट सर्किट और आग लगने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। रेलवे की टीम ने मरम्मत कार्य के बाद रात करीब नौ बजे आपूर्ति बहाल की। इस दौरान रेल परिचालन प्रभावित रहा।
नीलगाय से टकराया विभूति एक्सप्रेस का इंजन, पांच घंटे बाधित रहा परिचालन
30 अक्टूबर की रात 13048 विभूति एक्सप्रेस के इंजन से धीना स्टेशन के आगे नीलगाय टकरा गई। घटना के बाद ट्रेन बहोरा चंडील हाल्ट पर जाकर खड़ी हुई। इंजन का पेंटोग्राफ और ओएचई लाइन का कैंटिलीवर टूटने से शुक्रवार रात 7:25 बजे रेल परिचालन बाधित हो गया। विभूति एक्सप्रेस का पेंटोग्राफ ठीक होने के बाद ट्रेन रात 10:45 बजे रवाना हुई। इसके बाद बक्सर, दिलदारनगर और डीडीयू जंक्शन से पहुंची टीआरडी टीमों ने रेल कंट्रोल दानापुर से ब्लॉक लेकर ओएचई लाइन की मरम्मत की। रात करीब 12 बजे के बाद परिचालन बहाल हो सका।
इस व्यवधान के चलते लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस करीब छह घंटे, जियारत एक्सप्रेस साढ़े छह घंटे, सीमांचल और पंजाब मेल छह-छह घंटे तथा डीडीयू-पटना मेमू साढ़े तीन घंटे विलंबित रही। वाराणसी-आरा मेमू शनिवार सुबह 5:30 बजे पहुंची, जो करीब साढ़े सात घंटे देरी से चली। टीआरडी प्रभारी दिलदारनगर संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि पेंटोग्राफ और ओएचई लाइन के कैंटिलीवर की मरम्मत कर रेल परिचालन बहाल कराया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।