गाजीपुर में पुलिस कांस्टेबल ने छात्रा का यौन शोषण कर साथियों को भी सौंपा, पीड़िता ने थाने में दी शिकायत
गाजीपुर में एक 17 वर्षीय छात्रा ने पुलिस कांस्टेबल मोहित यादव पर प्रेम जाल में फंसाकर यौन शोषण करने और ...और पढ़ें

गाजीपुर में पुलिस कांस्टेबल पर छात्रा के यौन शोषण का गंभीर आरोप।
HighLights
छात्रा ने पुलिस कांस्टेबल मोहित यादव पर यौन शोषण का आरोप लगाया।
आरोपी ने अश्लील वीडियो बनाकर धमकी दी, जबरन हस्ताक्षर कराए।
पीड़िता ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई।
जागरण संवाददाता, दिलदारनगर (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी कक्षा 10 की 17 वर्षीय छात्रा ने गहमर थाना में तैनात पुलिस कांस्टेबल मोहित यादव पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाना में लिखित प्रार्थना पत्र दिया है।
पीड़िता का आरोप है कि कांस्टेबल मोहित यादव निवासी ग्राम करिस्ता, कोहदौर, प्रतापगढ़ ने उसे प्रेम जाल में फंसाकर और झूठी शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए तथा उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया।
पीड़िता का यह भी कहना है कि आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर अपने साथियों से भी उसके साथ जबरदस्ती संबंध बनवाए और किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी।

थाना पर सुनवाई न होने के बाद पीड़िता ने मामले की सूचना मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत की जिसके बाद क्षेत्राधिकारी के समक्ष पीड़िता का बयान दर्ज किया गया।
आरोप है कि जांच की जानकारी मिलते ही आरोपी कांस्टेबल ने अपने साथियों के साथ मिलकर बीते 17 अक्टूबर 2026 को पीड़िता व उसके पिता को जान से मारने और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हुए सादे कागज व स्टांप पर जबरन हस्ताक्षर करवा लिए।

पीड़िता ने आशंका जताई है कि इन हस्ताक्षरित कागजों का दुरुपयोग आरोपी अपने बचाव में कर सकते हैं। उसने पुलिस प्रशासन से एफआईआर दर्ज कर सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्यवाही करने और न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
