पीएम किसान सम्मान निधि: गाजीपुर में 4.28 लाख किसानों के खाते में पहुंचे 85.79 करोड़ रुपये
PM Kisan Samman Nidhi: गाजीपुर के 4.28 लाख किसानों को दिवाली से पहले पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के रूप में 85.79 करोड़ रुपये मिले हैं।

जिले के 4.28 लाख किसानों के खाते में पहुंचे 85.79 करोड़ रुपये।
HighLights
गाजीपुर के 4.28 लाख किसानों को 24वीं किस्त मिली।
कुल 85.79 करोड़ रुपये सीधे बैंक खातों में हस्तांतरित।
किसानों को खाद-बीज के लिए मिली बड़ी राहत।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। दिवाली से पहले जिले के 4,28,978 किसानों के बैंक खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के रूप में 85 करोड़ 79 लाख 56 हजार रुपये हस्तांतरित किए गए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा स्थित भीलड़ी से डीबीटी के माध्यम से धनराशि जारी की। किस्त जारी होने से किसानों को खाद, बीज सहित खेती से जुड़े जरूरी खर्चों के लिए राहत मिली है।
इसका सीधा प्रसारण कृषि विज्ञान केंद्र, पीजी कालेज में आयोजित कार्यक्रम में किसानों को दिखाया गया। प्रभारी उप कृषि निदेशक एवं जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार ने बताया कि 23वीं किस्त में जिले के 4,17,832 किसानों को 83 करोड़ 56 लाख 64 हजार रुपये मिले थे।
अब तक 23 किस्तों में जिले के किसानों के खातों में कुल 1,779.6794 करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं। कार्यक्रम में प्रदीप शुक्ला ने किसानों को योजना की जानकारी दी। ब्लाक प्रशासक राजन सिंह ने कहा कि दीपावली से पहले किस्त मिलने से किसानों को खेती के जरूरी कार्यों में मदद मिलेगी।
केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि योजना के तहत पात्र किसान परिवार को सालाना छह हजार रुपये तीन किस्तों में दिए जाते हैं। लाभ पाने के लिए ई-केवाईसी, आधार से बैंक खाता लिंक और लैंड सीडिंग जरूरी है।
