शिखर पर पहुंचना नहीं, वहां टिके रहना महत्वपूर्ण : ओमप्रकाश
जासं गाजीपुर शिखर पर पहुंचना जितना महत्वपूर्ण है उतना ही उस पर टिके रहना। शिक्षक संघर्ष की भावना को दिलों में महसूस करना छोड़ देंगे तो सारी उपलब्धियां जो लंबे संघर्ष का परिणाम है।
जासं, गाजीपुर : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा ने शिक्षकों को उनके संघर्षों को याद कराया गया। कहा कि शिक्षक संघर्ष की भावना को दिलों में महसूस करना छोड़ देंगे तो सारी उपलब्धियां जो लंबे संघर्ष का परिणाम है उसे सरकार द्वारा वापस ले लिया जाएगा। जो लोग समय के साथ नहीं चलते हैं उनका अस्तित्व समाप्त हो जाता है। शिखर पर पहुंचना जितना महत्वपूर्ण है उतना ही उस पर टिके रहना। वह एमएएच इंटर कालेज में शनिवार को आयोजित मंडलीय सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
शिक्षकों से खचाखच भरे परिसर में उन्होंने संगठन की शून्य से लेकर शिखर तक की उपलब्धियों को प्राप्त करने में किए गए संघर्ष को क्रमबद्ध ढंग से प्रस्तुत किया। इसके अलावा वक्ताओं ने सरकार की दमनकारी नीतियों के विरुद्ध शिक्षकों से एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। कहा कि संघर्ष के लिए ऊर्जा का संचार करना जरूरी है। इससे पूर्व लूर्दस इंटर कालेज की छात्राओं ने झंडा व स्वागत गीत प्रस्तुत सम्मेलन में चार-चांद लगा दिया। इसके बाद संगठन के पदाधिकारियों व शिक्षकों ने माल्यार्पण, बैज लगाकर व अंगवस्त्रम देकर अतिथियों का स्वागत किया। साथ ही प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा समेत सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया। साथ ही नई चुनौतियों को स्वीकार कर संघर्ष पथ पर आगे बढ़ने के आह्वान के साथ सम्मेलन संपन्न हो गया। इस मौके पर प्रयागराज शिक्षक क्षेत्र के विधान परिषद सुरेश कुमार त्रिपाठी, गोरखपुर के विधान परिषद सदस्य ध्रुव कुमार त्रिपाठी, पूर्व विधान परिषद सदस्य व संगठन के कोषाध्यक्ष सुभाष चंद्र शर्मा, महामंत्री इंद्रासन सिंह, सम्मेलन के आयोजक प्रमोद कुमार मिश्रा मौजूद रहे। अध्यक्षता वाराणसी मंडल के अध्यक्ष रामानुज सिंह व संचालन मिर्जापुर मंडल के मंत्री ने किया।