विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजीपुर में टेंडर में उलझी तीन हजार गरीब बेटियों की शादी, फर्म ब्लैकलिस्ट फिर भी नई एजेंसी तय नहीं

By Manoj Kumar Gupta Edited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 14 Nov 2026 01:39 PM (IST)

गाजीपुर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना टेंडर की पेचीदगी में फंस गई है, जिससे तीन हजार से अधिक गरीब बेटियों ...और पढ़ें

गाजीपुर में सामूहिक विवाह योजना टेंडर विवाद में फंसी हजारों बेटियों की शादी अटकी।

गाजीपुर में सामूहिक विवाह योजना टेंडर विवाद में फंसी हजारों बेटियों की शादी अटकी।

HighLights

  1. गाजीपुर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना टेंडर में फंसी।

  2. तीन हजार से अधिक गरीब बेटियों की शादी टली।

  3. ब्लैकलिस्ट फर्म के बाद भी नई एजेंसी तय नहीं।

जागरण संवाददाता, गाजीपुर। गरीब परिवारों की तीन हजार से अधिक बेटियों के हाथ पीले कराने वाली मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना टेंडर की पेचीदगी में फंस गई है। सितंबर में प्रस्तावित सामूहिक विवाह समारोह उपहार सामग्री की आपूर्ति नहीं होने से टल गया।

जिलाधिकारी के निर्देश पर 21 अक्टूबर को लखनऊ की कार्यदायी संस्था मुकेश ट्रेडिंग कारपोरेशन को जनपद में काली सूची में डालते हुए उसकी 3.30 लाख रुपये की ईएमडी भी जब्त कर ली गई, लेकिन इसके बाद भी नई फर्म के चयन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है।

नतीजा यह है कि आवेदन कर चुके तीन हजार से अधिक गरीब परिवार अपनी बेटियों की शादी के लिए प्रशासन की अगली तारीख का इंतजार कर रहे हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह के लिए मिलने वाली सरकारी सहायता समय पर नहीं मिलने से उनकी चिंता बढ़ती जा रही है।

1260 जोड़ों के लिए सामग्री नहीं दे सकी थी फर्म
वित्तीय वर्ष 2026-27 में योजना के तहत 1260 जोड़ों को उपहार सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जेम पोर्टल पर टेंडर हुआ था। इसमें सबसे कम 15,752 रुपये प्रति जोड़े की दर देने वाली मुकेश ट्रेडिंग कारपोरेशन को एल-1 घोषित कर एक सितंबर को कार्यादेश जारी किया गया था। फर्म को निर्धारित समय में सामग्री उपलब्ध कराने के साथ 17 लाख रुपये की परफार्मेंस बैंक गारंटी भी जमा करनी थी। बार-बार अवसर देने के बावजूद उसने दोनों शर्तें पूरी नहीं कीं। इसके चलते 11 अक्टूबर को प्रस्तावित आयोजन भी नहीं हो सका।

कार्रवाई के बाद भी नई फर्म का इंतजार
फर्म को अंतिम अवसर देने के बाद भी आपूर्ति नहीं होने पर प्रशासन ने 21 अक्टूबर को उसे काली सूची में डाल दिया। साथ ही ईएमडी जब्त करने की कार्रवाई की गई। अब नई कार्यदायी संस्था के चयन के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार है। जब तक नई फर्म का चयन और उपहार सामग्री की व्यवस्था नहीं होती, तब तक सामूहिक विवाह समारोह की तारीख तय करना मुश्किल है। ऐसे में योजना के लाभार्थियों को अभी और इंतजार करना पड़ सकता है।

टेंडर की प्रक्रिया जारी है, जैसे ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी, तो सामूहिक विवाह के लिए तिथि का अनुमाेदन लेकर लाभार्थियों को सूचित कर दिया जाएगा।

-

अभय सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।