सपाजनों और पुलिस में धक्का-मुक्की, 50 हिरासत में
आंदोलन - तीन घंटे बाद सभी किए गए रिहा बनी रही गहमा-गहमी की स्थिति - जिलाधिकारी को
आंदोलन:
- तीन घंटे बाद सभी किए गए रिहा, बनी रही गहमा-गहमी की स्थिति
- जिलाधिकारी को आकर पत्रक लेने की जिद कर रहे थे कार्यकर्ता
- पुलिस ने सड़क पर डंडा पटक कर सबको खदेड़ा
जागरण संवाददाता, गाजीपुर : नौ सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस में बुधवार को जमकर धक्का-मुक्की हुई। उधर कार्यकर्ताओं के जिला मुख्यालय पर बीच सड़क प्रदर्शन करने के कारण यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। पुलिस ने लाठी पटक कर उन्हें खदेड़ा। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष सहित 32 कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। करीब तीन घंटे बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
बिजली, पानी, बेसहारा पशु, टूटी सड़क, बेरोजगारी आदि से संबंधित नौ सूत्रीय मांगों को लेकर सपा कार्यकर्ता सरजू पांडेय पार्क के पास प्रदर्शन कर रहे थे। उनकी मांग थी कि जिलाधिकारी मौके पर आएं और पत्रक लें। डीएम के बजाय एएसडीएम मंशा राम पहुंचे तो कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। वह एसपी आफिस के पास बीच सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी करने लगे। व्यस्त सड़क होने के कारण इस पर लंबा जाम लग गया। एएसडीएम व सीओ कार्यकर्ता से आग्रह करते रहे कि आप ज्ञापन दे दीजिए लेकिन वे नहीं माने। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच खूब धक्की-मुक्की होती रही। अंत में पुलिस ने सड़क पर डंडा पटक कर उन्हें खदेड़ा। जिलाध्यक्ष रामधारी यादव सहित करीब 50 कार्यकर्ता हिरासत में लिए गए। पुलिस लाइन से करीब तीन घंटे बाद पांच बजे सभी को छोड़ा गया।
---- पुलिस का अलोकतांत्रिक कदम
- जिलाध्यक्ष रामधारी यादव ने कहा यह पुलिस का अलोकतांत्रिक और अन्यायपूर्ण कदम है। जिला प्रशासन हमारी समस्याओं को सुनने के लिए भी तैयार नहीं है। हम गांधीवादी तरीके से शांतिपूर्वक जिलाधिकारी को अपना ज्ञापन देना चाहते थे, लेकिन हमें गिरफ्तार कर लिया गया। जिला प्रशासन का यह रवैया बहुत ही निदनीय है। उन्होंने कहा कि जनहित में हमारा संघर्ष जारी रहेगा।
--- यह लिए गए थे हिरासत में
जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश कुशवाहा, बजरंगी यादव, सत्येन्द्र यादव, अरुण कुमार श्रीवास्तव, डा. समीर सिंह, दिनेश यादव, जय हिन्द यादव, आमिर अली, कन्हैयालाल विश्वकर्मा, अभिनव सिंह, राकेश यादव, कमलेश बिन्द, रामाशीष, नन्हे, राहुल सिंह, सुखपाल यादव, लल्लन राम, राजेश यादव, आजाद राय, आशा यादव, विभा पाल, कन्हैया यादव, देवेंद्र यादव, केदारनाथ सिंह यादव, रिषु यादव, रामाशीष सिंह यादव आदि।