विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजीपुर में जा पहुंचे तेंदुए, घर के बाहर की डरावनी तस्‍वीर वायरल, खौफ में गुजर रही हैं रातें

By Shivanand Rai Edited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 28 Nov 2026 12:38 PM (IST)

गाजीपुर के बहरियाबाद क्षेत्र के भरतपुर गांव में शुक्रवार रात तीन तेंदुए देखे जाने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। वन विभाग ने पंजों के निशान से तेंदुओं की मौजूदगी की पुष्टि की है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

गाजीपुर के भरतपुर गांव में तीन तेंदुए देखे जाने से मचा हड़कंप।

गाजीपुर के भरतपुर गांव में तीन तेंदुए देखे जाने से मचा हड़कंप।

HighLights

  1. भरतपुर गांव में शुक्रवार रात तीन तेंदुए देखे गए।

  2. वन विभाग ने पंजों के निशान से मौजूदगी की पुष्टि की।

  3. ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले न निकलने की सलाह।

जागरण संवाददाता, बहरियाबाद (गाजीपुर)। जनपद के बहरियाबाद क्षेत्र अंतर्गत भरतपुर गांव में शुक्रवार की रात एक साथ तीन तेंदुए देखे जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। आबादी के बेहद करीब वन्यजीवों की मौजूदगी से ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है। घटना के बाद से ही गांव के लोग सहमे हुए हैं और अपनी सुरक्षा को लेकर घरों में दुबकने को मजबूर हैं। माना जा रहा है क‍ि यह वही तेंदुए हैं ज‍िनको व‍न व‍िभाग पश्‍च‍िमी उत्‍तर प्रदेश से लाकर चंदौली ज‍िले में लगातार छोड़ रहा है।  

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात गांव के निवासी रामअवध सिंह और कोटेदार खूबेलाल सिंह के घर के पास ग्रामीणों ने तीन तेंदुओं को विचरण करते देखा। अचानक तीन तेंदुओं को एक साथ देखकर मौके पर मौजूद लोगों के होश उड़ गए। शोर मचने और खबर फैलते ही देखते ही देखते पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। भयभीत ग्रामीणों ने तुरंत अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए और बच्चों व मवेशियों को सुरक्षित अंदर कर लिया। पूरी रात ग्रामीण जागकर और लाठी-डंडों के सहारे पहरा देते रहे।

ग्रामीणों द्वारा तत्काल इस घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन और वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम हरकत में आई और मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल और आसपास के खेतों व रास्तों पर गहन छानबीन की। जांच के दौरान जमीन पर बने वन्यजीव के पंजों के निशानों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने पगचिह्नों की जांच के बाद गांव में तेंदुओं की मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि की है। अधिकारियों के मुताबिक, तेंदुओं के पैरों के ताजा निशान गांव की आबादी के आसपास के इलाकों में मिले हैं, जिससे उनके यहीं कहीं छिपे होने की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय लोगों और वनकर्मियों के अनुसार, भरतपुर गांव आजमगढ़ जनपद की सीमा से सटा हुआ है और बेसों नदी के किनारे स्थित है। भौगोलिक स्थिति को देखते हुए यह अनुमान लगाया जा रहा है कि तेंदुए बेसों नदी के कछार और झाड़ियों के रास्ते होते हुए भटककर गांव की सीमा तक पहुंच गए हैं। नदी किनारे घनी झाड़ियां और खेत होने के कारण उन्हें छिपने के लिए अनुकूल जगह मिल रही है।

फिलहाल वन विभाग की टीम अलर्ट मोड पर है और संभावित ठिकानों पर कांबिंग करते हुए तेंदुओं की तलाश में जुटी हुई है। विभागीय अधिकारियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों के लिए एडवाइजरी जारी की है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे पूरी तरह सतर्क रहें, अंधेरा होने के बाद या रात के समय अकेले घर से बाहर बिल्कुल न निकलें। साथ ही, खेतों की ओर जाते समय समूह में चलने, टॉर्च व लाठी साथ रखने और मवेशियों को सुरक्षित बाड़ों में बांधने की सलाह दी गई है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या तेंदुए के दोबारा दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करने को कहा गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।