करमपुर की खेल नर्सरी का कमाल, आठ खिलाड़ियों को मिली यूपी पुलिस में नौकरी; सीएम योगी ने भी सराहा
लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करमपुर की खेल नर्सरी से चयनित आठ खिलाड़ियों को यूपी पुलिस में नियुक्ति पत्र ...और पढ़ें

उत्तम सिंह, शारदानंद तिवारी, आमिर अली, चंदन राजभर, मोईन अली, अजय यादव, धर्मेंद्र यादव और राहुल यादव के फाइल फोटो (क्रमश: बाएं से दाएं)
HighLights
मुख्यमंत्री योगी ने 8 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र दिए।
करमपुर की खेल नर्सरी से 3 उपनिरीक्षक, 5 आरक्षी बने।
गाजीपुर की खेल प्रतिभाओं की मुख्यमंत्री ने सराहना की।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। करमपुर स्थित मेघबरन सिंह स्टेडियम और मेघबरन सिंह पीजी कॉलेज की खेल प्रतिभाओं ने एक बार फिर जनपद का मान बढ़ाया है। लखनऊ में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस में कुशल खिलाड़ी कोटे के तहत चयनित खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। करमपुर से जुड़े आठ खिलाड़ियों को भी पुलिस सेवा में नियुक्ति मिली।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में ओंलिपिक पदक विजेता ललित कुमार उपाध्याय और ओलिंपियन व अर्जुन अवार्डी राजकुमार पाल का जिक्र करते हुए कहा कि गाजीपुर की ग्रामीण धरती से निकली खेल प्रतिभाओं ने सीमित संसाधनों के बावजूद देश का नाम रोशन किया है।
मेघबरन सिंह स्टेडियम के निदेशक एवं पूर्व सांसद राधे मोहन सिंह ने कहा कि प्रदेश की खेल नीतियों से खिलाड़ियों को खेल के साथ रोजगार और सम्मान का अवसर भी मिल रहा है। स्टेडियम के संचालक एवं महासचिव अनिकेत सिंह ने कहा कि करमपुर की खेल परंपरा अनुशासन, मेहनत और राष्ट्रसेवा की भावना को आगे बढ़ा रही है।
तीन उपनिरीक्षक, पांच आरक्षी बने
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से कुशल खिलाड़ी कोटे में चयनित अभ्यर्थियों में करमपुर के आठ खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें उत्तम सिंह, शारदानंद तिवारी और आमिर अली को उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस के पद पर नियुक्ति मिली। चंदन राजभर, मोईन अली, अजय यादव, धर्मेंद्र यादव और राहुल यादव आरक्षी पद के लिए चयनित हुए हैं।
1983 में शुरू हुई थी खेल नर्सरी
मेघबरन सिंह स्टेडियम की नींव वर्ष 1983 में स्वर्गीय ठाकुर तेज बहादुर सिंह (तेजू भैया) ने सीमित संसाधनों के बीच रखी थी। बांस की डंडियों से शुरू हुआ यह प्रयास आज ग्रामीण क्षेत्र की बड़ी खेल नर्सरी के रूप में पहचान बना चुका है। स्टेडियम से जुड़े लोगों के अनुसार अब तक यहां प्रशिक्षण लेने वाले 500 से अधिक युवा खेल कोटे के माध्यम से सेना, नौसेना, वायुसेना, बीएसएफ, सीआरपीएफ, रेलवे, उत्तर प्रदेश पुलिस और आयकर विभाग सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं में पहुंचे हैं।
