झांसी से गाजीपुर के रास्ते आसनसोल तक चलेगी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन, बिहार-झारखंड के यात्रियों को मिलेगा फायदा
रेलवे ने त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए झांसी से आसनसोल के बीच गाजीपुर होते हुए द्वि-साप्ताहिक विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।

गाजीपुर के रास्ते आसनसोल तक चलेगी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन।
HighLights
झांसी-आसनसोल द्वि-साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेन शुरू।
गाजीपुर होते हुए बिहार-झारखंड के यात्रियों को लाभ।
7 अक्टूबर से 30 नवंबर तक कुल 16 फेरे।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। पर्वों पर घर लौटने और रोजी-रोटी के लिए दूसरे राज्यों की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेन की सुविधा दी है। गाजीपुर और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग बिहार, झारखंड और बुंदेलखंड क्षेत्र में काम के सिलसिले में आते-जाते हैं।
ऐसे यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन से आसनसोल के बीच वाया वाराणसी और गाजीपुर सिटी द्वि-साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। 21 कोच की यह ट्रेन दोनों दिशाओं में कुल 16 फेरे लगाएगी।
गाड़ी संख्या 04185 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-आसनसोल ट्रेन सात अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार और रविवार को चलेगी। झांसी से सुबह 9:20 बजे रवाना होकर यह ट्रेन रात 10:50 बजे गाजीपुर सिटी पहुंचेगी और अगले दिन दोपहर 2:45 बजे आसनसोल पहुंचेगी।
वापसी में 04186 आसनसोल-झांसी ट्रेन आठ अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को चलेगी। आसनसोल से शाम 5:10 बजे चलकर अगले दिन सुबह पांच बजे गाजीपुर सिटी पहुंचेगी।
ट्रेन गाजीपुर सिटी के अलावा बलिया, सुरेमनपुर, छपरा, हाजीपुर, शाहपुर पटोरी, बरौनी, किऊल, झाझा, जसीडीह, मधुपुर और चित्तरंजन होते हुए आसनसोल जाएगी। इससे पर्व के दौरान इन क्षेत्रों में आने-जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
इसमें एसी तृतीय श्रेणी के दो, शयनयान के नौ, सामान्य द्वितीय श्रेणी कुर्सीयान के दो, सामान्य द्वितीय श्रेणी के छह और एसएलआरडी के दो कोच समेत कुल 21 कोच लगाए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- यूपी में लहसुन-प्याज की खेती करने वाले किसानों को सरकार देगी पैसा, 40% अनुदान से आर्थिक स्थिति होगी मजबूत
