विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजीपुर में ग्रीन फील्ड हाईवे की जमीन के मुआवजा वितरण में 28.16 लाख की अनियमितता, लेखपाल निलंबित

By Shivanand Rai Edited By: Abhishek sharma
Published: Tue, 03 Nov 2026 06:48 PM (IST)

गाजीपुर में ग्रीनफील्ड हाईवे परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण मुआवजे में 28.16 लाख रुपये की वित्तीय अनियमितता के आरोप में ...और पढ़ें

गाजीपुर में ग्रीनफील्ड हाईवे मुआवजा घोटाला: लेखपाल निलंबित, 28 लाख की अनियमितता उजागर।

गाजीपुर में ग्रीनफील्ड हाईवे मुआवजा घोटाला: लेखपाल निलंबित, 28 लाख की अनियमितता उजागर।

HighLights

  1. ग्रीनफील्ड हाईवे मुआवजा वितरण में वित्तीय अनियमितता।

  2. लेखपाल नरेंद्र कुमार 28.16 लाख के आरोप में निलंबित।

  3. किसान के खाते से 25 लाख रुपये स्थानांतरित किए गए।

जागरण संवाददाता, गाजीपुर। वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन के जंगीपुर से निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग-31 ग्रीनफील्ड परियोजना के लिए अधिग्रहित भूमि के मुआवजा वितरण में वित्तीय अनियमितता और धोखाधड़ी के आरोप में लेखपाल नरेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया गया है। किसान के खाते से 25 लाख रुपये दूसरे खाते में स्थानांतरित करने और कुल 28.16 लाख रुपये की वित्तीय अनियमितता करने का आरोप है।

वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और बलिया-बिहार को जोड़ने के लिए ग्रीनफील्ड हाईवे का निर्माण तेजी से चल रहा है। इसका अगले साल तक उदघाटन होना प्रस्तावित है। इस निर्माण के लिए जमीन का अधिग्रहण किया गया।
मुहम्मदाबाद तहसील के करीमुद्दीनपुर गांव निवासी किसान लक्ष्मण राम की पत्नी मनप्यारी देवी ने तहसील प्रशासन को शपथ-पत्र देकर करीमुद्दीनपुर के तत्कालीन हल्का लेखपाल नरेंद्र कुमार पर पद और प्रभाव का दुरुपयोग कर खाते से अनधिकृत रूप से धनराशि स्थानांतरित कराने का आरोप लगाया।

प्रशासन ने इस प्रकरण की जांच की। लिखित और वीडियो बयान तथा एचडीएफसी बैंक मुहम्मदाबाद से प्राप्त खाते के बैंक स्टेटमेंट के आधार पर लेखपाल को प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया। नरेंद्र कुमार वर्तमान में कासिमाबाद तहसील के सिउरी क्षेत्र में लेखपाल के पद पर कार्यरत थे। उपजिलााधिकारी कासिमाबाद संजय कुमार कुशवाहा ने जारी आदेश में बताया गया है कि किसान की पत्नी मनप्यारी देवी की शिकायत पर प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर लेखपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय कार्यवाही शुरू की गई है।

निलंबन अवधि में उन्हें भूलेख कार्यालय कासिमाबाद से संबद्ध किया गया है। तहसीलदार कासिमाबाद को जांच अधिकारी नामित कर आरोपपत्र तैयार कर अनुमोदन के लिए प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। एसडीएम संजय कुमार कुशवाहा का कहना है कि लेखपाल को निलंबित करते हुए जांच शुरू कर दी गई है।

बिहार व बलिया को पूर्वांचल-वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन से जोड़ेगा ग्रीन फील्ड हाईवे

117.120 किलोमीटर लंबे गाजीपुर-बलिया-मांझीघाट ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की परियोजना लागत 5473 करोड़ रुपये है। इसके अलावा भरौली से बक्सर तक 17.700 किलोमीटर लंबा स्पर भी बनाया जा रहा है। फरवरी 2023 में केंद्रीय मंत्री ने इसकी आधारशिला रखी थी। परियोजना गाजीपुर के 86 और बलिया के 99 गांवों से होकर गुजरेगी। इसके पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन और दूसरे शहरों से संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।