पूर्वांचल में बिंद, मल्लाह, निषाद में पकड़ मजबूत करने की रणनीति, संगीता को जिम्मेदारी 27 की तैयारी के संकेत
गाजीपुर की राज्यसभा सदस्य डॉ. संगीता बलवंत बिंद को भाजपा ओबीसी मोर्चा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। यह नियुक्ति पूर्वांचल में बिंद, निषाद और मल्लाह समाज में भाजपा की पकड़ मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा है, हालांकि कमलेश बिंद मुठभेड़ से समाज में नाराजगी भी रही है।

-छात्रसंघ की उपाध्यक्ष से विधायक, मंत्री और राज्यसभा सांसद तक का सफर, अब भाजपा ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष।
HighLights
डॉ. संगीता बलवंत बिंद भाजपा ओबीसी मोर्चा उपाध्यक्ष बनीं।
गाजीपुर की राज्यसभा सदस्य को मिली राष्ट्रीय जिम्मेदारी।
पूर्वांचल में बिंद समाज में पकड़ मजबूत करने की रणनीति।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। भाजपा ने ओबीसी मोर्चा की नई राष्ट्रीय टीम घोषित की। इसमें गाजीपुर की राज्यसभा सदस्य डा. संगीता बलवंत बिंद को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। उत्तर प्रदेश से संगम लाल गुप्ता के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी मिली है।
संगीता बलवंत बिंद का राजनीतिक सफर किसी बड़े परिवार की विरासत से नहीं, बल्कि छात्र राजनीति और जमीनी संघर्ष से शुरू हुआ। पीजी कालेज से उन्होंने अपनी राजनीतिक पारी शुरू की। वह पीजी कालेज की पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष रही हैं।
यहीं से संगठन, भाषण और नेतृत्व की उनकी पहचान बनी। बिंद समाज से आने वाली एक उच्च शिक्षित महिला नेता के रूप में उन्होंने धीरे-धीरे जिले में अपनी जगह बनाई। साल 2017 में भाजपा ने उन्हें गाजीपुर सदर विधानसभा सीट से टिकट दिया। उन्होंने चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचीं।
यह जीत गाजीपुर की राजनीति में एक नया मोड़ थी, क्योंकि पूर्वांचल में बिंद, निषाद और मल्लाह समाज की बड़ी आबादी है और भाजपा को एक मजबूत महिला चेहरा मिला।
सितंबर 2021 में योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में उन्हें सहकारिता का राज्यमंत्री बनाया गया। लेकिन 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। राजनीति में हार के बाद भी पार्टी ने उन पर भरोसा बनाए रखा। फरवरी 2024 में भाजपा ने उन्हें राज्यसभा सदस्य बनाया।
कमलेश बिंद मुठभेड़ से नाराज समाज: विनीत हत्याकांड में नामजद आरोपित एक लाख के इनामी कमलेश बिंद के मुठभेड़ में मारे जाने से भाजपा का कोर वोटर बिंद समाज नाराज रहा। न सिर्फ संगीता बलवंत बल्कि भाजपा के खिलाफ इंटरनेट मीडिया पर खूब मुहिम चली थी।