विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजीपुर में हत्यारोपित पंचायत प्रशासक और लेखपाल ने पत्नियों के नाम कराया पोखरी की जमीन का बैनामा

By Suryakant tripathiEdited By: Abhishek sharma
Published: Thu, 12 Nov 2026 10:13 PM (IST)

गाजीपुर में दीवाली पर हत्या के आरोपी पंचायत प्रशासक संजय बिंद और पूर्व लेखपाल रमेश यादव पर पोखरी की जमीन ...और पढ़ें

गाजीपुर में हत्यारोपित पंचायत प्रशासक और लेखपाल ने पत्नियों के नाम कराई पोखरी की जमीन।

गाजीपुर में हत्यारोपित पंचायत प्रशासक और लेखपाल ने पत्नियों के नाम कराई पोखरी की जमीन।

HighLights

  1. हत्यारोपित पंचायत प्रशासक पर पोखरी जमीन बेचने का आरोप।

  2. पूर्व लेखपाल ने भी अपनी पत्नी के नाम कराई थी जमीन।

  3. ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मिलकर की कड़ी कार्रवाई की मांग।

जागरण संवाददाता, गाजीपुर। दीवाली पर जुआ खेलने के दौरान युवक की हत्या के मामले में बकराबाद के ग्राम पंचायत प्रशासक संजय बिंद के जेल जाने के बाद उसके काले चिट्ठे सामने आने लगे हैं। उसने दूसरी पंचायत मोहाव में हेराफेरी कर गड़ही की जमीन का बैनामा न सिर्फ अपनी पत्नी व तत्कालीन लेखपाल रमेश यादव की पत्नी के नाम कराया बल्कि खुद के सहित 28 लोगों को बेच दी।

इस मामले में मोहांव निवासी अजय कुमार ने ग्रामीणों की तरफ पीआइएल हाईकोर्ट में दाखिल की है। उधर, गुरुवार को मोहांव के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह से मुलाकात कर उसका काला चिट्ठा सौंपते हुए गड़ही की जमीन को मुक्त कराने के साथ ही हत्यारोपित प्रशासक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

उधर, शिकायत के बाद डीएम के निर्देश पर जमीन पर चहारदीवारी करा रहे एक दवा व्यवसायी को रोक दिया गया।
मोहांव गांव में रकबा रकबा 576 में पोखरी व 17 खातों में विभक्त है। करीब 20 बीघा जमीन है। पूर्व में कुछ लोगों ने कागजी हेराफेरी कर जमीन का नाम चढ़वा लिया है। 1333 फसली में यह पोखरी थी। इस बीच बकराबाद निवासी जोगी बिंद का नाम 1359 फसली के बाद हेराफेरी से पौने दो बीघा जमीन पर राजस्व रिकार्ड में दर्ज हो गया।

उनके पांच बेटे के नाम दर्ज जमीन का काफी हिस्सा हाईवे में चला गया। थोड़ी जमीन बची थी। शेष बची जमीन का तत्कालीन लेखापाल रमेश यादव ने अपनी पत्नी सुनीता व संजय बिंद ने अपनी पत्नी अनीता बिंद के नाम बैनामा करा लिया। इसके साथ ही सटी सुखदेइया की एक बीघा जमीन को पोखरी बताकर राजस्व अधिकारियों से मिलीभगत कर खारिज करा दी। फिर उसकी जमीन पर कब्जा कर प्लाटिंग के बाद बेच दी।

मोहांव निवासी शिकायतकर्ता अजय कुमार ने बताया कि बकराबाद के पंचायत प्रशासक संजय बिंद और मोहांव के पूर्व लेखपाल रमेश यादव ने खुद सहित 18 लोगों को जमीन का बैनामा किया है। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के किनारे स्थित यह जमीन बेशकीमती है।

दरअसल, नौ नवंबर को बकराबाद के ग्राम प्रधान (प्रशासक) संजय बिंद ने मोहांव के पासीपुरा पोखरा के बाद जुआ खेलने के दौरान अजय कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी थी, जबकि इस्लामाबाद निवासी सुरेंद्र कुमार गोली लगने से घायल हो गया है। वह ट्रामा सेंटर में भर्ती है।

गुरुवार को मृतक अजय कुमार के पिता ओमप्रकाश ने पुलिस अधीक्षक से बेटे की हत्या के मामले में नामजद अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने बताया कि मुकदमा संख्या 817/2026 में एक आरोपित का नाम दर्ज कराया गया था, जबकि विवेचना के दौरान अन्य आरोपितों के नाम भी सामने आए।

इसके बावजूद उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे परिवार भयभीत है। उन्होंने आरोपित अच्छेलाल बिंद, चंद्रन बिंद, दीपक बिंद और राजू बिंद सहित अन्य आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही प्रशासन की ओर से मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता और रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की।

बिंदु सिंह लेखपाल, पति देखते काम

मोहांव गांव की लेखपाल बिंदु सिंह है,लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें कभी देखा नहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि उनके पति राजू सिंह ही पूरा कामकाज देखते हैं। आज तक लेखपाल बिंदु सिंह को किसी ने देखा नहीं है।

होगी कार्रवाई
एसडीएम सदर विनोद जोशी ने बताया कि पोखरी की जमीन बेचने के मामले की जांच तहसीलदार को सौंपी गई है। रिपोर्ट आने के बाद जमीन को पुन: पोखरी में दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।