गाजीपुर जिले में मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए 17 नवंबर से घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ
गाजीपुर में विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारी के तहत मतदाता सूची दुरुस्त करने का अभियान 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक ...और पढ़ें

गाजीपुर में मतदाता सूची पुनरीक्षण: बीएलओ 17 नवंबर से घर-घर सत्यापन करेंगे।
HighLights
17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलेगा मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान।
बीएलओ घर-घर जाकर नए मतदाताओं का सत्यापन करेंगे।
नाम जोड़ने, हटाने और त्रुटियां सुधारने का कार्य होगा।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारी के तहत मतदाता सूची को दुरुस्त करने की कवायद शुरू हो गई है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे।
इस दौरान नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के साथ मृतक, स्थायी रूप से स्थानांतरित और दोहरी प्रविष्टियों वाले मतदाताओं की पहचान कर सूची से नाम हटाने की कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में विधानसभा क्षेत्र 375-गाजीपुर के बीएलओ को प्रशिक्षण देकर यह जिम्मेदारी सौंपी गई।
प्रशिक्षण में एसडीएम सदर एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने बताया कि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के नाम फार्म-6 के माध्यम से जोड़े जाएंगे। मतदाता सूची में नाम, उम्र, लिंग और पते की त्रुटियों में सुधार के लिए फार्म-8 भरवाया जाएगा। वृद्धजन और दिव्यांग मतदाताओं पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
बीएलओ ऐप पर सत्यापन और आवेदनों की ऑनलाइन फीडिंग समय से करनी होगी। बीएलओ रोजाना प्रगति रिपोर्ट सुपरवाइजर को देंगे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और किसी पात्र मतदाता का नाम छूटना नहीं चाहिए।