विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मां के संघर्ष और तेज बहादुर सिंह के मार्गदर्शन ने राजकुमार पाल को पहुंचाया राष्ट्रपति भवन

By Shivanand Rai Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 13 Nov 2026 07:30 PM (IST)

अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया, जिससे वह गाजीपुर के ...और पढ़ें

राजकुमार पाल को राष्ट्रपति भवन में मिला अर्जुन पुरस्कार मां के संघर्ष और गुरु के मार्गदर्शन का फल।

राजकुमार पाल को राष्ट्रपति भवन में मिला अर्जुन पुरस्कार मां के संघर्ष और गुरु के मार्गदर्शन का फल।

HighLights

  1. राजकुमार पाल को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अर्जुन पुरस्कार दिया।

  2. गाजीपुर के पहले खिलाड़ी बने यह प्रतिष्ठित सम्मान पाने वाले।

  3. मां के त्याग और गुरु के मार्गदर्शन से मिली यह सफलता।

जागरण संवाददाता, सैदपुर (गाजीपुर)। करमपुर के मैदान से हॉकी का सफर शुरू करने वाले अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी राजकुमार पाल ने शुक्रवार को जिले को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें देश के प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया।

यह सम्मान हासिल करने वाले राजकुमार गाजीपुर जनपद के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। पुरस्कार ग्रहण करने के लिए वह अपनी मां मनराजी देवी और करमपुर स्थित मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम के संचालक अनिकेत सिंह के साथ पहुंचे थे। उनकी इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।

राजकुमार पाल की यह सफलता वर्षों के संघर्ष, मां के त्याग और एक खेल संरक्षक के विश्वास की कहानी भी है। बचपन में ही सड़क हादसे में पिता कल्पनाथ का निधन हो गया था। इसके बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी मां मनराजी देवी के कंधों पर आ गई। आर्थिक और पारिवारिक कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और तीनों बेटों की परवरिश की। घर में दोनों बड़े भाइयों को हॉकी खेलते देखकर राजकुमार के मन में भी इस खेल के प्रति रुचि जगी।

महज 10 वर्ष की उम्र में उन्होंने हॉकी स्टिक थाम ली। राजकुमार की प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने में करमपुर स्थित मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम के प्रबंधक स्व. तेज बहादुर सिंह की अहम भूमिका रही। उन्होंने राजकुमार की खेल के प्रति लगन और क्षमता को पहचाना और उन्हें बेहतर खिलाड़ी बनाने के लिए मार्गदर्शन दिया।

स्टेडियम में ही राजकुमार ने हॉकी की बारीकियां सीखीं। स्व. तेज बहादुर सिंह के सहयोग और प्रोत्साहन से उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिला। सीमित संसाधनों के बीच नियमित अभ्यास करते हुए राजकुमार ने अपनी मेहनत से सफलता की राह बनाई। वर्ष 2012 में उनका चयन साई छात्रावास में हुआ, जहां से उनके खेल को नई दिशा मिली।

वर्ष 2020 में भारतीय सीनियर हॉकी टीम में जगह बनाने के बाद राजकुमार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। मिडफील्डर के रूप में उन्होंने कई महत्वपूर्ण प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व किया। वर्ष 2024 के पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम के वह अहम सदस्य रहे। इसके अलावा एशियन चैंपियंस ट्रॉफी सहित कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया।

राजकुमार की इस उपलब्धि से करमपुर स्थित मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम में भी उत्सव जैसा माहौल है। स्टेडियम के संरक्षक एवं पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह ने खुशी जताते हुए कहा कि राजकुमार इस स्टेडियम से अर्जुन पुरस्कार प्राप्त करने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं। इससे पहले ललित कुमार उपाध्याय को यह सम्मान मिल चुका है।

उन्होंने कहा कि राजकुमार की सफलता ने साबित किया है कि ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं को उचित अवसर और मार्गदर्शन मिले तो वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ा सकती हैं। एक ओर पिता के निधन के बाद मां मनराजी देवी ने संघर्षों के बीच बेटे के सपनों को जीवित रखा तो दूसरी ओर स्व. तेज बहादुर सिंह ने उसकी प्रतिभा को पहचानकर उसे तराशने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इन्हीं के सहयोग, राजकुमार की मेहनत और वर्षों के अभ्यास का परिणाम है कि करमपुर का यह खिलाड़ी आज राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित होकर पूरे गाजीपुर का गौरव बन गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।