गाजीपुर में 17 और 24 अक्टूबर को लगेगा वोटर रजिस्ट्रेशन स्पेशल कैंप, मतदाताओं को मिलेगा फॉर्म-छह
गाजीपुर में 17 और 24 अक्टूबर को विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप लगाए जाएंगे, ताकि वंचित लोग और युवा अपना नाम सूची में दर्ज करा सकें।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
गाजीपुर में 17 और 24 अक्टूबर को विशेष कैंप लगेंगे।
मतदाता सूची में नाम जोड़ने का अवसर मिलेगा।
बीएलओ और हेल्प डेस्क की सुविधा उपलब्ध होगी।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित लोगों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को जोड़ने के लिए 17 और 24 अक्टूबर को विशेष कैंप लगाए जाएंगे। जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि जिले के प्रत्येक मतदेय स्थल पर सुबह 10 से शाम चार बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। कैंप में मतदाता पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 उपलब्ध रहेगा।
मतदाताओं की सहायता के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी बनाई जाएगी। बीएलओ के पास अंतिम निर्वाचक नामावली और पूरक सूचियां भी उपलब्ध रहेंगी। प्राप्त फार्मों का व्यवस्थित अभिलेखीकरण किया जाएगा।
अभियान की जानकारी शहर में रिक्शों पर लाउडस्पीकर लगाकर और ग्रामीण क्षेत्रों में डुगडुगी बजवाकर दी जाएगी। सभासदों, ग्राम प्रधानों और स्वयंसेवकों से भी सहयोग लिया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पात्र मतदाता अपना नाम सूची में दर्ज करा सकें।
मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर होगी बैठक
निर्वाचक नामावलियों में छूटे हुए मतदाताओं और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के नाम शामिल कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में 15 अक्टूबर को सुबह 10 बजे जिला राइफल क्लब में बैठक होगी।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्षों और मंत्रियों को बैठक में उपस्थित रहने के लिए सूचित किया है। बैठक में विशेष अभियान के संचालन और मतदाता पंजीकरण से संबंधित तैयारियों पर चर्चा की जाएगी।
