गाजीपुर में दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर टूटी पटरी से गुजरी तेजस राजधानी, बड़ा हादसा टला
गाजीपुर में दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर टूटी पटरी से तेजस राजधानी एक्सप्रेस गुजरने के बाद बड़ा हादसा टल गया।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर टूटी पटरी से गुजरी तेजस राजधानी।
चालक की सूचना पर बड़ा रेल हादसा टला, खलबली मची।
मरम्मत के बाद परिचालन बहाल, कई ट्रेनें प्रभावित हुईं।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर बुधवार की भोर जमानियां-धीना स्टेशन के बीच टूटी पटरी से 20501 अगरतल्ला-आनंद विहार तेजस राजधानी एक्सप्रेस गुजर गई। चालक को झटका महसूस होने पर उसने जमानियां स्टेशन को सूचना दी। इसके बाद रेल विभाग में खलबली मच गई। एहतियातन पीछे आ रहीं ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोक दिया गया। रेल पथ विभाग के कर्मचारियों ने मरम्मत कर सुबह छह बजे परिचालन बहाल कराया।
बुधवार की भोर करीब चार बजे किलोमीटर संख्या 719 के पास रेल पटरी टूटी हुई मिली। इसी दौरान तेजस राजधानी एक्सप्रेस वहां से गुजर गई। चालक ने झटका महसूस होने पर तत्काल इसकी सूचना जमानियां स्टेशन को दी। इसके बाद दानापुर नियंत्रण कक्ष को अवगत कराया गया।
रेल पथ विभाग की टीम मौके पर पहुंची और टूटी पटरी पर वेल्डिंग क्लैंप बांधकर मरम्मत की। सुबह छह बजे परिचालन शुरू हुआ, लेकिन ट्रेनों को 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सीमा के कॉशन पर चलाया गया।

कई ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोका
पटरी टूटने की सूचना के बाद राजगीर से एलटीटी जा रही 13201 बांबे जनता एक्सप्रेस को जमानियां, सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस को दिलदारनगर, एलटीटी मुंबई फेयर स्पेशल और बक्सर-डीडीयू मेमू को भदौरा तथा अहमदाबाद एक्सप्रेस को दरौली स्टेशन पर रोक दिया गया। इससे यात्रियों को परेशानी हुई।
स्टेशन मास्टर आदित्य कुमार ने बताया कि राजधानी एक्सप्रेस के चालक ने पटरी टूटने की सूचना दी थी। इसके बाद तत्काल सतर्कता बरतते हुए ट्रेनों को रोककर मरम्मत के बाद काशन पर चलाया गया।
यह भी पढ़ें- गाजीपुर में जिला अस्पताल नए भवन के तीसरे तल से भूतल पर गिरा युवक, हालत गंभीर
