गाजीपुर में डांट से बचने के लिए छात्रा ने खुद को मारा चाकू, रची हमले की कहानी
गाजीपुर में 12वीं की छात्रा ने डांट से बचने के लिए खुद को चाकू मार लिया और बाइक सवारों द्वारा ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
छात्रा ने डांट से बचने के लिए खुद को चाकू से घायल किया।
बाइक सवारों द्वारा हमले की झूठी कहानी पुलिस को बताई।
पुलिस जांच में सच्चाई सामने आई, छात्रा अब खतरे से बाहर।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। कक्षा 12 की छात्रा के चाकू से घायल होने की सूचना ने बुधवार सुबह पुलिस को सकते में डाल दिया। साइकिल से स्कूल जा रही छात्रा ने एनएच-24 किनारे दो बाइक सवार युवकों पर हमला करने का आरोप लगाया। पुलिस ने जब मामले की तह तक पहुंचने के लिए पूछताछ और जांच शुरू की तो छात्रा की बताई कहानी ही बदल गई।
पुलिस के अनुसार, स्वजन की डांट के डर से छात्रा ने खुद को चाकू मार लिया था और बचने के लिए हमले की झूठी कहानी गढ़ दी। 17 वर्षीय छात्रा बुधवार सुबह साइकिल से स्कूल के लिए निकली थी। कुछ देर बाद वह एनएच-24 किनारे घायल अवस्था में मिली। उसके पेट में नाभि के बाईं ओर चाकू का हल्का घाव था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रा को राजकीय मेडिकल कालेज के अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई। शुरुआत में छात्रा ने पुलिस को बताया कि बाइक सवार दो युवकों ने उसे रास्ते में रोक लिया। उनमें से एक युवक ने चाकू से उस पर हमला किया और दोनों फरार हो गए।
छात्रा के बयान के आधार पर पुलिस ने पड़ताल शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने छात्रा से दोबारा पूछताछ की तो उसने बताया कि वह एक युवक से मोबाइल फोन पर बातचीत करती है। इसको लेकर घर में स्वजन उसे डांटते थे। बुधवार को भी डांट पड़ने के डर से उसने घर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से खुद के पेट में वार कर लिया।
इसके बाद घटना को दूसरा रूप देने के लिए बाइक सवार युवकों द्वारा हमला किए जाने की कहानी बताई। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि छात्रा की हालत खतरे से बाहर है। उसके बताए युवक के मोबाइल नंबर की लोकेशन फर्रुखाबाद जिले की आवास विकास कालोनी में मिली है। पुलिस ने चाकू बरामद कर लिया है।
