गाजीपुर में बीमार बहन की देखभाल करने पहुंची साली को लेकर जीजा फरार, मां ने दर्ज कराया मुकदमा
गाजीपुर के रेवतीपुर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बीमार पत्नी की देखभाल करने आई उसकी छोटी बहन को दामाद लेकर फरार हो गया।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
बीमार बहन की सेवा करने आई साली को जीजा भगा ले गया।
मां ने दामाद और छोटी बेटी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, रेवतीपुर, गाजीपुर की घटना।
जागरण संवाददाता, रेवतीपुर (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र में रिश्तों को उलझाने वाला एक मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने दामाद पर छोटी पुत्री को अपने साथ लेकर चले जाने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।
महिला के मुताबिक, बड़ी बेटी की तबीयत खराब रहने के कारण उसने छोटी बेटी को उसकी देखभाल के लिए बड़ी बेटी की ससुराल भेजा था। इसी दौरान दामाद और छोटी बेटी के बीच कथित रूप से प्रेम संबंध हो गया।
आरोप है कि बाद में दामाद छोटी बेटी को लेकर कहीं चला गया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।महिला ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसकी बड़ी पुत्री की शादी क्षेत्र के ही एक युवक से हुई थी। शादी के बाद बड़ी बेटी की तबीयत खराब रहने लगी।
उसकी देखभाल में मदद के लिए महिला ने अपनी छोटी पुत्री को कुछ समय के लिए बड़ी बेटी की ससुराल भेज दिया था। महिला को उम्मीद थी कि छोटी बेटी अपनी बीमार बहन की देखभाल में सहयोग करेगी, लेकिन इस दौरान परिस्थितियां बदल गईं।
महिला का आरोप है कि बड़ी बेटी की ससुराल में रहने के दौरान उसकी छोटी पुत्री और दामाद के बीच नजदीकियां बढ़ गईं और दोनों के बीच कथित प्रेम संबंध स्थापित हो गया। बाद में दामाद उसकी छोटी पुत्री को अपने साथ लेकर चला गया। घटना की जानकारी होने पर परिवार के लोगों में खलबली मच गई। इसके बाद स्वजन ने दोनों की तलाश शुरू की।
रिश्तेदारों और परिचितों से भी जानकारी जुटाई गई, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। छोटी बेटी के इस तरह चले जाने से परिवार के लोग परेशान हैं।इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक धर्मदास सिद्धार्थ ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
