एक दिन की थानाध्यक्ष बनी गाजीपुर की पूजा पासवान, अवैध कब्जे की शिकायत पर महिला फरियादी के घर भेजी पुलिस
मिशन शक्ति अभियान के तहत गाजीपुर में कक्षा आठ की छात्रा पूजा पासवान को एक दिन का थानाध्यक्ष बनाया गया।

मरदह थाना प्रभारी बनने के बाद सुनवाई करती पूजा पासवान
HighLights
छात्रा पूजा पासवान बनीं एक दिन की थानाध्यक्ष।
मिशन शक्ति के तहत आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता विकास।
जमीन विवाद पर पुलिस को मौके पर भेजा।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। मिशन शक्ति अभियान के तहत पिंक समाधान दिवस पर शनिवार को कंपोजिट विद्यालय मरदह की कक्षा आठ की छात्रा पूजा पासवान को एक दिन के लिए थानाध्यक्ष बनाया गया। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराना रहा।
एक दिन की थानाध्यक्ष बनने पर पूजा पासवान ने पुलिस की जिम्मेदारियों और कार्यप्रणाली को करीब से समझा। इस पहल के माध्यम से बालिकाओं को महिला सुरक्षा, अपने अधिकारों और विपरीत परिस्थितियों में साहस के साथ अपनी बात रखने के प्रति जागरूक किया गया।
मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा एवं सहायता के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास कर रही है।
सरिता चौहान निवासी झम्मन का पुरा बोगना ने अपनी जमीन पर विपक्षी द्वारा अवैध रूप से कब्जा करने का प्रार्थना पत्र दिया । जिस पर एक दिन के लिए थानाध्यक्ष बनी पूजा पासवान ने मौके पर पुलिस को भेज कर मामले का निस्तारण कराने के निर्देश दिए। थानाध्यक्ष अनिल सिंह, उपनिरीक्षक हरिराम, कांस्टेबल मोनू खरवार, सविता मधेशिया और खुशबू चौरसिया उपस्थित रहे।
