मौनी बाबा धाम पर पांच दिवसीय कार्तिक पूर्णिमा मेला शुरू, 11 हजार दीयों से होगी भव्य गंगा आरती
गाजीपुर में चोचकपुर स्थित मौनी बाबा धाम पर पांच दिवसीय कार्तिक पूर्णिमा मेला शुरू हो गया है, जिसमें श्रद्धालु गंगा स्नान कर प्रसाद चढ़ा रहे हैं।

मेला स्थल पर तैयारियों का जायजा लेते अधिकारी। (तस्वीर- जागरण)
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। चोचकपुर स्थित मौनी बाबा धाम पर पांच दिवसीय कार्तिक पूर्णिमा मेला सोमवार से शुरू हो गया। मेले की व्यवस्थाएं जिला पंचायत की देखरेख में की गई हैं।
पहले दिन श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान कर मौनी बाबा को घर में बना रोट (ठेकुआ) प्रसाद स्वरूप अर्पित किया। मेले में पुलिस, चिकित्सा और जिला पंचायत के शिविर स्थापित किए गए हैं। विभिन्न प्रकार की दुकानों और मनोरंजन के साधनों से मेला परिसर गुलजार हो गया है।
बलिया के प्रसिद्ध ददरी मेले के बाद मौनी बाबा धाम के मेले को पूर्वांचल के प्रमुख और बड़े मेलों में शुमार किया जाता रहा है। एक समय था जब ग्रामीण क्षेत्रों के लोग सालभर जरूरत के सामान की खरीदारी के लिए इस मेले का इंतजार करते थे।
यहां गृहस्थी से जुड़े सामानों की बड़े पैमाने पर खरीदारी होती थी। खासकर लकड़ी से निर्मित घरेलू उपयोग की वस्तुओं की खूब बिक्री होती थी। पांच दिवसीय मेले के समापन के बाद भी आठवें दिन तक लकड़ी के सामानों की दुकानें लगी रहती थीं।
गंगा पर पैदल चलने की प्रचलित है मान्यता
मौनी बाबा धाम श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का केंद्र है। जनश्रुति के अनुसार मौनी बाबा गंगा के पानी पर पैदल चलकर एक किनारे से दूसरे किनारे तक जाते थे। मंदिर के बगल में स्थित अहिरिनिया माई मंदिर से जुड़ी एक प्रचलित कथा भी इस मान्यता को दर्शाती है।
कहा जाता है कि ग्वाल वंश की एक महिला गंगा पार से चोचकपुर के पास विभिन्न गांवों में आकर दही बेचती थी। एक दिन दही बेचते-बेचते उसे देर शाम हो गई और घाट पर कोई नाव नहीं मिली। रात होने पर महिला ने मौनी बाबा को अपनी परेशानी बताई। उसने बताया कि गंगा पार उसके घर पर नवजात बच्चा है, जो भूख से रो रहा होगा।
इस पर मौनी बाबा ने उसे अपने पीछे आने को कहा और पैदल ही गंगा पार करा दिया। साथ ही इस घटना का किसी से जिक्र नहीं करने की हिदायत दी। घर पहुंचने पर पति ने देर से लौटने को लेकर महिला पर संदेह जताया। अगले दिन उसने पति के साथ मौनी बाबा के पास जाने और अपनी बात साबित करने का निर्णय लिया।
वहां पहुंचकर जैसे ही महिला ने गंगा पर पैदल चलकर पार करने की घटना बताई, वह तत्काल पत्थर की हो गई। इसी मान्यता के चलते अहिरिनिया माई मंदिर भी श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। मेले में सुरक्षा के लिए पुलिस कैंप, स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए मेडिकल कैंप और जिला पंचायत का शिविर स्थापित हो चुका है।
देव दीपावली पर गंगा आरती में शामिल होंगे आईजी वैभव कृष्ण,11 हजार जलेंगे दीये
जमानियां: नगर का ऐतिहासिक बलुवा घाट देव दीपावली पर 11 हजार दीयों से जगमग होगा।वही रात में घाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) वैभव कृष्ण मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
आइजी के आगमन की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।सीओ अंकित तिवारी व कोतवाल योगेंद्र सिंह पहुंचकर जायजा लिया और आयोजक से तैयारियों के बारे में जानकारी ली। घाट की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। ताकि श्रद्धालुओं और अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मां गंगा उत्तर वाहिनी सेवा समिति के अध्यक्ष कमलचंद्र बाबा ने बताया कि देव दीपावली की संध्या पर बलुआ घाट 11 हजारों दीयों की रोशनी से जगमग किया जाएगा। दोपहर बाद विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं द्वारा रंगोली प्रतियोगिता में भाग लेगी।शाम को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भव्य गंगा आरती में अतिथि व श्रद्धालु शामिल होंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।