गाजीपुर में पत्नी की मौत के मामले में नामजद पति ने विषाक्त पदार्थ खाकर दी जान
गाजीपुर में पत्नी की मौत के आरोप में नामजद पति शिवपाल यादव ने विषाक्त पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। ससुर ...और पढ़ें

गाजीपुर में पत्नी की मौत के आरोपी पति ने खाया जहर, ससुर की धमकी से आहत होकर दी जान।
HighLights
पत्नी की मौत के आरोप में पति ने खाया जहर।
ससुर की धमकी से आहत होकर उठाया आत्मघाती कदम।
गाजीपुर मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने मृत घोषित किया।
जागरण संवाददाता, दुल्लहपुर (गाजीपुर)। पत्नी की मौत के मामले में हत्या के आरोप में नामजद युवक ने मंगलवार की शाम विषाक्त पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर स्वजन उसे लेकर कई अस्पतालों में पहुंचे, लेकिन गाजीपुर मेडिकल कालेज अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
ओडराई (डंडापुर) निवासी शिवपाल यादव (24) की शादी छह माह पूर्व मऊ जिले के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के नसीरुद्दीनपुर निवासी अंबाली से हुई थी। एक सप्ताह पूर्व अंबाली की विषाक्त पदार्थ खाने से मौत हो गई थी। इस मामले में ससुर और साले की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। इसमें शिवपाल, उसकी मां संतरा देवी और छोटे भाई गोलू यादव को नामजद किया गया था।
स्वजन के अनुसार, मंगलवार की शाम शिवपाल घर से कुछ दूर सिवान में गया था। वहां उसने ससुर से मुकदमे में समझौते को लेकर बातचीत की। आरोप है कि ससुर ने पूरे परिवार को जेल भिजवाने और बर्बाद करने की धमकी दी। इससे आहत होकर शिवपाल ने जेब में रखा विषाक्त पदार्थ खा लिया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर भाई ने फोन किया। जवाब नहीं मिलने पर स्वजन तलाश करते हुए खेत में पहुंचे, जहां वह छटपटा रहा था।
स्वजन उसे लेकर मऊ के प्रकाश अस्पताल पहुंचे। वहां से सरकारी अस्पताल भेजा गया। बाद में गाजीपुर मेडिकल कालेज अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसओ दीपक कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।