ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे पर 34 किमी तक ट्रायल शुरू, स्पीड तेज होने पर ऑटोमैटिक कटेगा चालान
गाजीपुर में वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन के पास ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे पर 34 किमी का ट्रायल शुरू हो गया है। इस पर स्पीड मीटर लगे हैं।
-1790948783129_m.webp)
ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे पर 34 किमी तक ट्रायल शुरू।
HighLights
ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे पर 34 किमी का ट्रायल शुरू।
तेज गति पर ऑटोमैटिक चालान की व्यवस्था लागू।
गाजीपुर-बलिया-मांझीघाट एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी बढ़ाएगा।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन के जंगीपुर के समीप से ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे पर गुरुवार से ट्रायल शुरू हो गया है। पहले फेज में जंगीपुर से 34 किमी लट्ठूडीह के रसड़ा मार्ग पर शाहपुर तक एक माह के लिए वाहनों का संचालन शुरू हो गया है।
इस पर स्पीड मीटर भी लगाया गया है। जल्द ही वाहनों का आटोमैटिक चालान शुरू होगा। 18 से 20 मिनट में गाड़ियां पहुंच जा रही हैं। वैसे इस पर 100 की स्पीड ही मान्य है।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन और बलिया-मांझी व बक्सर बिहार को जोड़ने के लिए बन रहा ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे रफ्तार पकड़ने लगा है। गुरुवार को ट्रायल के तौर पर पहले फेज 34 किमी तक की सड़क को ट्रायल के लिए खोल दिया गया। हालांकि ट्रायल के दौरान टोल की वसूली नहीं होगी।
अन्य फेज का भी निर्माण जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास चल रहा है। यह सड़क बलिया -बिहार को सीधे लखनऊ व दिल्ली से जोड़ने में मददगार बनेगी। चार कंपनियों को निर्माण का टेंडर दिया गया है।
वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन के जंगीपुर क्षेत्र से यह ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे निकल रहा है, जो बलिया होते हुए मांझी तक जाएगा। करीमुद्दीनपुर क्षेत्र दो गोलंबर एक बलिया-मांझी व बक्सर को जोड़ेगा और दूसरा जनपद के हैदरिया से लखनऊ जाने वाले पूर्वाचल एक्सप्रेसवे को कनेक्ट करेगा।
- 117.120 किमी लंबा गाजीपुर-बलिया-मांझीघाट ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे
- 17.700 किमी लंबा भरौली-बक्सर का स्पर
- 5473 करोड़ रुपये का यह प्रोजेक्ट
- फरवरी 2023 में केंद्रीय मंत्री ने रखी थी आधारशिला
- जून से नवंबर 2025 तक पूरी करनी परियोजना
- गाजीपुर में 86 व बलिया में 99 गांवों से होकर गुजरेगा यह एक्सप्रेसवे
ग्रीन फील्ड के पहले फेज ३4 किमी को ट्रायल के तौर पर शुरू किया गया है। इससे आवाजाही में काफी सुविधा होगी। दिसंबर तक बक्सर फेज को भी शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। -पीयूष अग्रवाल, परियोजना निदेशक एनएचएआई, आजमगढ़।
यह भी पढ़ें- चलो चलें चंबल की ओर: बीहड़ के बीच बसती है रोमांचक दुनिया, नवंबर से घड़ियाल समेत प्रवासी पक्षियों से होगा गुलजार
