विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

त्योहारों पर रेलवे का तोहफा: गाजीपुर के रास्ते अमृतसर-कोलकाता और अहमदाबाद के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन, देखें शेड्यूल

Published: Mon, 28 Sep 2026 08:13 PM (IST)

रेलवे ने त्योहारों में यात्रियों की सुविधा के लिए गाजीपुर सिटी के रास्ते कई पूजा विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है।

अमृतसर-बरौनी के बीच नौ फेरे में चलेगी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन।

अमृतसर-बरौनी के बीच नौ फेरे में चलेगी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन।

HighLights

  1. अमृतसर-बरौनी के बीच वाया गाजीपुर सिटी पूजा विशेष ट्रेन।

  2. अहमदाबाद-दरभंगा के बीच चलेगी पांच फेरे त्योहार विशेष ट्रेन।

  3. बनारस-कोलकाता के बीच आठ फेरे लगाएगी त्योहार स्पेशल।

जागरण संवाददाता, गाजीपुर। त्योहारों में यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने अमृतसर और बरौनी के बीच वाया गाजीपुर सिटी पूजा विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 04668-04667 अमृतसर-बरौनी-अमृतसर साप्ताहिक पूजा स्पेशल के दोनों दिशाओं में कुल नौ फेरे होंगे।

अमृतसर से यह ट्रेन चार अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार और बरौनी से छह अक्टूबर से एक दिसंबर तक प्रत्येक मंगलवार चलेगी। अमृतसर से चलने वाली ट्रेन दूसरे दिन शाम 6:40 बजे गाजीपुर सिटी पहुंचेगी और तीसरे दिन रात 2:10 बजे बरौनी पहुंचेगी।

वापसी में बरौनी से सुबह 5:05 बजे रवाना होकर ट्रेन गाजीपुर सिटी दोपहर 12:45 बजे पहुंचेगी। इसके बाद वाराणसी होते हुए अमृतसर जाएगी। ट्रेन में एसी, शयनयान, सामान्य द्वितीय श्रेणी और एसएलआर समेत कुल 20 कोच लगाए जाएंगे

अहमदाबाद-दरभंगा के बीच चलेगी त्योहार विशेष ट्रेन

रेलवे प्रशासन ने त्योहारों के दौरान यात्रियों को अपने घर तक पहुंचाने के लिए अतिरिक्त सुविधा देने के लिए अहमदाबाद और दरभंगा के बीच पांच फेरे त्योहार विशेष ट्रेन चलाएगा। गाड़ी संख्या 09465-09466 अहमदाबाद-दरभंगा-अहमदाबाद साप्ताहिक विशेष ट्रेन अहमदाबाद से 16, 23, 30 अक्टूबर तथा छह व 13 नवंबर को प्रत्येक शुक्रवार और दरभंगा से 19, 26 अक्टूबर तथा दो, नौ व 16 नवंबर को प्रत्येक सोमवार चलेगी।

अहमदाबाद से आने वाली ट्रेन दूसरे दिन रात 1:30 बजे उज्जैन, दोपहर 12:40 बजे झांसी, रात 8:30 बजे प्रयागराज और रात 11:30 बजे वाराणसी पहुंचेगी। इसके बाद तीसरे दिन रात 1:30 बजे गाजीपुर सिटी पहुंचकर दरभंगा जाएगी।

वापसी में दरभंगा से चलकर ट्रेन गाजीपुर सिटी सुबह 11:15 बजे और वाराणसी दोपहर 1:45 बजे पहुंचेगी। ट्रेन प्रयागराज होते हुए अहमदाबाद जाएगी। इसकी रेक संरचना पूर्ववत रहेगी।

बनारस-कोलकाता के बीच आठ फेरे लगाएगी त्योहार स्पेशल

त्योहारों में पूर्वांचल से कोलकाता जाने वाले यात्रियों को राहत देने के लिए रेलवे बनारस और कोलकाता के बीच साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेन चलाएगा। गाड़ी संख्या 05048-05047 बनारस-कोलकाता-बनारस आठ फेरे लगाएगी।

बनारस से यह ट्रेन छह अक्टूबर से 24 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार और कोलकाता से सात अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार चलेगी। बनारस से सुबह 10:45 बजे चलकर ट्रेन वाराणसी 11 बजे, औंड़िहार 11:50 बजे और गाजीपुर सिटी दोपहर 12:40 बजे पहुंचेगी।

इसके बाद बलिया, छपरा, बरौनी, जसीडीह और आसनसोल होते हुए अगले दिन सुबह 6:15 बजे कोलकाता पहुंचेगी। वापसी में कोलकाता से सुबह 8:25 बजे रवाना होकर ट्रेन गाजीपुर सिटी दूसरे दिन रात 2:02 बजे पहुंचेगी और वाराणसी होते हुए सुबह 4:15 बजे बनारस पहुंचेगी। ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर में 37 नए ग्राम पंचायत अधिकारियों की होगी तैनाती, सीएम योगी ने दिया नियुक्ति पत्र