विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजीपुर में 10 करोड़ की लागत से बनेगा स्टेडियम, अतिक्रमण पर चला बुलडोजर

Published: Sat, 19 Sep 2026 08:18 PM (IST)

गाजीपुर में दस करोड़ की लागत से प्रस्तावित ग्रामीण स्टेडियम की जमीन से राजस्व टीम ने अतिक्रमण हटा दिया है।

दस करोड़ की लागत से बनने वाले स्टेडियम की जमीन से जेसीबी से हटाया अतिक्रमण।

दस करोड़ की लागत से बनने वाले स्टेडियम की जमीन से जेसीबी से हटाया अतिक्रमण।

HighLights

  1. गंगौली में दस करोड़ का ग्रामीण स्टेडियम प्रस्तावित।

  2. राजस्व टीम ने स्टेडियम की जमीन से अतिक्रमण हटाया।

  3. युवाओं को खेल सुविधाएं मिलेंगी, निर्माण जल्द शुरू होगा।

जागरण संवाददाता, कासिमाबाद (गाजीपुर)। ग्राम पंचायत गंगौली में दस करोड़ की लागत से प्रस्तावित ग्रामीण स्टेडियम की जमीन से शनिवार को राजस्व टीम ने बैकहो लोडर से अतिक्रमण हटवा दिया। नायब तहसीलदार देवा कुमार के नेतृत्व में पहुंची टीम ने पूर्व में कराई गई पैमाइश के आधार पर चिह्नित स्थानों पर कार्रवाई की। कार्रवाई के बाद स्टेडियम निर्माण के लिए जमीन खाली होने की उम्मीद जगी है।

महानिदेशक, प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी), विकास दल एवं युवा कल्याण विभाग के नाम दर्ज गाटा संख्या 105 की 1.6840 हेक्टेयर भूमि पर ग्रामीण स्टेडियम प्रस्तावित है। नौ सितंबर को राजस्व निरीक्षक के नेतृत्व में भूमि की पैमाइश कराई गई थी।

इसके बाद जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी दिलीप कुमार ने 16 सितंबर को एसडीएम कासिमाबाद को पत्र भेजकर पैमाइश व चिन्हांकन रिपोर्ट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। इससे पहले आठ सितंबर को भी विभाग ने भूमि की पैमाइश, सीमांकन और अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए पत्र भेजा था।

क्षेत्रीय लेखपाल बलराम कृष्ण यादव ने बताया कि गाटा संख्या 105 की जमीन पर मनोज यादव की ओर से ईंट-भट्ठे का कार्यालय बनाया गया था, जबकि अभिमन्यु यादव ने अतिक्रमण किया था। दोनों स्थानों पर अतिक्रमण हटवा दिया।

साढ़े दस करोड़ से प्रस्तावित है स्टेडियम

पीआरडी ब्लाक कमांडर रामचंद्र कुशवाहा सहित ग्रामीणों ने बताया कि स्टेडियम निर्माण के लिए करीब साढ़े दस करोड़ रुपये की स्वीकृति होने की जानकारी है। लंबे समय से जमीन पर अतिक्रमण के कारण निर्माण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही थी। ग्रामीणों ने भूमि को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराकर जल्द निर्माण शुरू कराने की मांग की।

उनका कहना है कि स्टेडियम बनने से क्षेत्र के युवाओं को खेल सुविधाएं मिलेंगी। जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी दिलीप कुमार, कानूनगो वीरेंद्र यादव, कमलेश यादव, लेखपाल बलराम कृष्ण यादव, संजय पांडेय, विनय पांडेय रहे।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे के लिए पांच गांवों में 90 की जगह 140 मीटर ली जाएगी जमीन, कौवाठोर में बनेगा इंटरचेंज