अब अनफिट स्कूली वाहनों पर लगेगा 'ब्रेक'... निगरानी के लिए परिवहन विभाग बनाएगा नया डिजिटल पोर्टल
गाजीपुर में परिवहन विभाग स्कूल वाहनों की निगरानी के लिए एक डिजिटल पोर्टल विकसित कर रहा है। इस पोर्टल पर ...और पढ़ें
-1774067551159_m.webp)
एआई जेनेरेटेड तस्वीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। स्कूल वाहनों की निगरानी को और प्रभावी बनाने के लिए परिवहन विभाग जल्द ही अलग डिजिटल पोर्टल विकसित करने जा रहा है। इस पोर्टल पर जिले के सभी स्कूलों में संचालित वाहनों का पूरा विवरण दर्ज किया जाएगा, जिससे उनके कागजात और फिटनेस की स्थिति ऑनलाइन देखी जा सकेगी।
परिवहन विभाग की योजना के तहत तैयार होने वाले इस पोर्टल पर स्कूल बसों व अन्य वाहनों की फिटनेस, बीमा, परमिट सहित सभी जरूरी दस्तावेजों का विवरण दर्ज रहेगा। इससे विभागीय अधिकारियों को स्कूल वाहनों की स्थिति की निगरानी करने में आसानी होगी।
पोर्टल के माध्यम से जिन वाहनों के दस्तावेज अधूरे होंगे या जिनकी फिटनेस की अवधि समाप्त होने वाली होगी, उन्हें स्वतः मोबाइल मैसेज के जरिए सूचना भेजी जाएगी। इसके साथ ही अगली फिटनेस की तिथि से पहले संबंधित स्कूल प्रबंधन को रिमाइंडर भी भेजा जाएगा।
यदि इसके बावजूद वाहन के कागजात अपडेट नहीं कराए जाते हैं तो पोर्टल के माध्यम से चेतावनी संदेश जारी किया जाएगा। इस पोर्टल की खास बात यह होगी कि स्कूल संचालकों को अपने वाहनों का पूरा विवरण स्वयं अपलोड करना होगा। इससे यह भी सुनिश्चित होगा कि स्कूल प्रबंधन अपने वाहनों की स्थिति के प्रति जिम्मेदार बने।
एआरटीओ धनवीर यादव ने बताया कि कई बार जब अधिकारी स्कूल वाहनों की जांच करने पहुंचते हैं तो उस समय सभी वाहन सही पाए जाते हैं। लेकिन कुछ दिन बाद ही किसी वाहन की फिटनेस अवधि समाप्त हो जाती है और बाद में चेकिंग के दौरान यह सामने आता है।
उन्होंने कहा कि नए पोर्टल के लागू होने से जैसे ही किसी वाहन की फिटनेस समाप्त होगी, स्कूल प्रबंधन को तुरंत मैसेज के माध्यम से सूचना मिल जाएगी। इससे समय रहते वाहन की फिटनेस कराने की जिम्मेदारी तय होगी। फिर भी अगर कोई नहीं कराएगा तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
