गाजीपुर में रेलवे लाइन पर वेल्डिंग के दौरान सिलिंडर फटा, दो मजदूरों के अलग हो गए पैर
गाजीपुर में रेलवे ट्रैक पर वेल्डिंग के दौरान गैस सिलिंडर फटने से दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल मजदूर
HighLights
रेलवे ट्रैक पर वेल्डिंग करते समय गैस सिलिंडर में धमाका हुआ।
दो मजदूर गंभीर रूप से घायल, एक के दोनों पैर कट गए।
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर किया गया।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। महाराज के लक्ष्मणपुर के पूरा गांव के पास रेलवे ट्रैक पर वेल्डिंग के दौरान गैस सिलिंडर फटने से दो मजदूर घायल हो गए। हादसे में एक मजदूर के दोनों पैर घुटने के नीचे से कट गए, जबकि दूसरे का पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। घायलों की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया।
रेलवे लाइन पर वेल्डिंग का काम चल रहा था। कासिमाबाद क्षेत्र के सुरवतपाली निवासी विकास कुमार और अविनाश कुमार सहित तीन मजदूर गैस कटर से काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया। हादसे में तीनों मजदूर चपेट में आकर घायल हो गए।
धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना पर संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई।
