गाजीपुर गो आश्रय स्थल में मानक के अनुरूप चारा और व्यवस्था नहीं, संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
गाजीपुर के बड़हरा स्थित अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल में हरे चारे, पेयजल और साफ-सफाई की कमी पाए जाने पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। मानकों का पालन न करने और पूर्व चेतावनी के बावजूद सुधार न होने पर संचालक कन्हैया यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

गाजीपुर गो आश्रय स्थल में अव्यवस्था पर सख्त कार्रवाई संचालक पर मुकदमा।
HighLights
गाजीपुर गो आश्रय स्थल में मानक के अनुरूप व्यवस्था नहीं मिली।
हरे चारे, पेयजल और साफ-सफाई की गंभीर कमी पाई गई।
संचालक कन्हैया यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। ग्राम पंचायत बड़हरा, विकासखंड देवकली स्थित अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल में मानक के अनुरूप हरे चारे, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था न मिलने पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है।
गो आश्रय स्थल के संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने अवगत कराया कि ग्राम पंचायत बड़हरा में अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल का संचालन श्री कृष्ण कन्हैया शिक्षण संस्थान, बुढ़नपुर, शादियाबाद के माध्यम से किया जा रहा है। संस्थान के प्रबंधक कन्हैया यादव हैं।
28 नवंबर को गो आश्रय स्थल के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि वहां मानक के अनुरूप हरे चारे की उपलब्धता नहीं है और साफ-सफाई की भी समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि पूर्व में प्रबंधक को इन कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
व्यवस्थाओं में लापरवाही के कारण गोवंश के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था। पशुओं का स्वास्थ्य खराब होने लगा था। प्रशासन ने इसे पशुओं के प्रति क्रूरता की श्रेणी में माना। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पशु चिकित्सा अधिकारी, नंदगंज, गाजीपुर विवेक कुमार ने गो आश्रय स्थल के संचालक कन्हैया यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
जिलाधिकारी ने गो आश्रय स्थलों में भूसा, चारा, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने में शिथिलता अथवा लापरवाही बरते जाने पर संबंधित कर्मचारी, एनजीओ, प्रशासक, सचिव के खिलाफ प्राथमिक दर्ज कराने के सख्त निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।