गाजीपुर में 22 नवंबर को शाम होते ही छा जाएगा अंधेरा, गूंजेगा हवाई हमले का सायरन; जिले में मॉकड्रिल की तैयारी पूरी
गाजीपुर में 22 नवंबर को युद्ध या हवाई हमले जैसी आपात स्थिति के लिए एयर रेड और ब्लैकआउट मॉकड्रिल का आयोजन होगा। इसका उद्देश्य नागरिकों की सुरक्षा, प्रशासन की तैयारियों और सुरक्षा एजेंसियों के समन्वय का परीक्षण करना है।

गाजीपुर में 22 नवंबर को होगी 'एयर रेड और ब्लैकआउट' मॉकड्रिल। फोटो- जागरण आर्काइव
HighLights
22 नवंबर को गाजीपुर में एयर रेड और ब्लैकआउट मॉकड्रिल।
नागरिकों की सुरक्षा और प्रशासन की तैयारियों का होगा परीक्षण।
सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय और बचाव प्रक्रिया का अभ्यास।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। युद्ध या हवाई हमले जैसी आपात स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा और प्रशासन की तैयारियों को परखने के लिए 22 नवंबर को गाजीपुर में एयर रेड और ब्लैकआउट मॉकड्रिल होगी।
शाम छह बजे अफीम फैक्ट्री परिसर में होने वाले इस अभ्यास में सायरन बजने से लेकर बिजली आपूर्ति बंद करने, सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने और राहत-बचाव तक की पूरी प्रक्रिया दोहराई जाएगी। इसका उद्देश्य सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय परखने के साथ आमजन को आपातकाल में बचाव के तरीकों से परिचित कराना है।
हवाई हमले की चेतावनी के लिए बजेगा सायरन
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) वेद सिंह चौहान की अध्यक्षता में राइफल क्लब में बैठक कर तैयारियों की रूपरेखा बनाई गई। हवाई हमले की चेतावनी के लिए दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में सायरन बजेगा।
इसके बाद निर्धारित क्षेत्र में बिजली बंद कर ब्लैकआउट किया जाएगा। नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने का अभ्यास कराया जाएगा। खतरा टलने पर दो मिनट तक लगातार ऊंची आवाज में आल क्लियर सायरन बजेगा।
घायलों को अस्पताल पहुंचाने का होगा अभ्यास
इसके बाद छोटी आग पर अग्निशमन यंत्र और बड़ी आग पर फायर टेंडर से काबू पाने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने तथा क्षतिग्रस्त भवनों से लोगों को निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास होगा।
इसमें पुलिस, नागरिक सुरक्षा, होमगार्ड, स्वास्थ्य, अग्निशमन, विद्युत, नगर पालिका सहित संबंधित विभाग हिस्सा लेंगे। बैठक में नागरिक सुरक्षा के उप नियंत्रक ध्रुव शुक्ला, चीफ वार्डन संतोष कुमार वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।