विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजीपुर में दो साल से फंसी 50 लाख की फ्लोटिंग जेटी आग में जलकर खाक

By Shivanand Rai Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 20 Nov 2026 04:16 PM (IST)

गाजीपुर के सैदपुर में कोर्ट घाट के पास 50 लाख रुपये की फ्लोटिंग जेटी आग में जलकर खाक हो गई। यह जेटी दो साल से बाढ़ के कारण किनारे पर फंसी थी और इसके रखरखाव पर सवाल उठ रहे हैं; पुलिस आग लगने की जांच कर रही है।

सैदपुर में 50 लाख की फ्लोटिंग जेटी आग में नष्ट, रखरखाव पर उठे सवाल।

सैदपुर में 50 लाख की फ्लोटिंग जेटी आग में नष्ट, रखरखाव पर उठे सवाल।

HighLights

  1. गाजीपुर में 50 लाख की फ्लोटिंग जेटी आग में जली।

  2. दो साल से खराब पड़ी जेटी में आग लगने की आशंका।

  3. रखरखाव के अभाव पर सवाल, पुलिस जांच में जुटी।

जागरण संवाददाता, सैदपुर (गाजीपुर)। नगर के वार्ड संख्या चार स्थित कोर्ट घाट (शमशान घाट) के पास गुरुवार की देर शाम भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण की ओर से स्थापित करीब 50 लाख रुपये की फ्लोटिंग जेटी आग की भेंट चढ़ गई। बाढ़ के दौरान नदी की धारा में बहकर किनारे पर फंसी यह जेटी पिछले दो वर्षों से बदहाल अवस्था में पड़ी थी।

आग लगने से जेटी का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर नगर पंचायत और दमकल विभाग के वाहन मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे तक मशक्कत कर आग पर काबू पाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि अराजक तत्वों ने जेटी में आग लगाई है।

गौरतलब है कि 13 जनवरी 2023 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वाराणसी से लग्जरी रिवर क्रूज एमवी गंगा विलास को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इसी दिन सैदपुर नगर के बूढ़ेनाथ महादेव गंगा घाट पर लगभग 50 लाख रुपये की लागत से तैयार फ्लोटिंग जेटी का भी भव्य कार्यक्रम के बीच उद्घाटन किया गया था।

इस जेटी को स्थापित करने का उद्देश्य आपात स्थिति में लग्जरी क्रूज के यात्रियों को तत्काल सड़क मार्ग से जोड़ने की सुविधा उपलब्ध कराना था। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्र में नौकायन के जरिए रोजगार के अवसर विकसित करने की भी योजना थी। बूढ़ेनाथ महादेव गंगा घाट पर स्थापना के बाद करीब एक वर्ष तक जेटी का संचालन ठीक ढंग से हुआ, लेकिन बाद में रखरखाव के अभाव में व्यवस्था चरमरा गई।

बाढ़ के दौरान जेटी नदी की तेज धारा में बहकर आगे शमशान घाट के किनारे पहुंच गई और वहीं फंस गई। तब से यह जेटी पिछले दो वर्षों से नदी के किनारे बेकार पड़ी थी। इसे दोबारा पानी में लाकर संचालित करने के लिए दो-तीन बार प्रयास भी किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिली।

लाखों रुपये की लागत से तैयार इस महत्वपूर्ण सुविधा का उपयोग बंद होने के बाद अब आग में जलकर नष्ट हो जाना व्यवस्था और रखरखाव पर भी सवाल खड़े कर रहा है। यदि समय रहते जेटी को सुरक्षित स्थान पर लाकर उसके संचालन की व्यवस्था की गई होती तो शायद यह नौबत नहीं आती। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।